सुकमा में भ्रष्टाचार पर करारा वार: उप अभियंता प्रदीप बघेल 30 हज़ार की रिश्वत लेते गिरफ्तार, एसीबी ने बरामद किए संपत्ति के दस्तावेज

सुकमा, 17 नवंबर 2025
सुकमा जिले में भ्रष्टाचार विरोधी ब्यूरो (एसीबी) ने ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के उप अभियंता प्रदीप कुमार बघेल को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। ग्राम पंचायत चिरउवाड़ा के सचिव श्री मनीराम कश्यप ने एसीबी, जगदलपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि पुलिया निर्माण कार्य के मूल्यांकन रिपोर्ट देने के लिए अभियंता ने तीस हजार रुपये की मांग की थी।
शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। 17 नवंबर 2025 को आरोपी को उसके घर पर शिकायतकर्ता से पहली किश्त के रूप में तीस हजार रुपये लेते हुए पकड़ लिया गया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि अभियंता ने पुराने भवन के मूल्यांकन के लिए अतिरिक्त चालीस हजार रुपये की मांग की थी। तलाशी में उसके घर से चल-अचल संपत्ति और निवेश संबंधी दस्तावेज भी बरामद हुए हैं, जिनकी जांच जारी है।
एसीबी अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 (संशोधित अधिनियम 2018) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को प्रशासनिक तंत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



