सरगुजा ACB की रेड: सूरजपुर में आरईएस SDO ऋषिकांत तिवारी 15 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया, घर से 52 लाख की FD, कैश और जेवरात बरामद

सूरजपुर, 13 नवंबर 2025/ सरगुजा एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने सूरजपुर जिले के प्रेमनगर में पदस्थ आरईएस के एसडीओ ऋषिकांत तिवारी को बुधवार शाम 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम ने एसडीओ के अंबिकापुर स्थित घर में भी दबिश दी और तलाशी ली।
तलाशी के दौरान एसडीओ के घर से 2 लाख 27 हजार रुपये नकद, लगभग 52 लाख रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट, सोने-चांदी के जेवरात और कई जमीनों के दस्तावेज बरामद किए गए। इसके अलावा, बैंक खातों और बीमा योजनाओं में भी लाखों रुपये जमा पाए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, ग्राम नवापारा खुर्द (ब्लॉक प्रेमनगर) के निवासी दिगंबर सिंह ने आरईएस के एसडीओ ऋषिकांत तिवारी के खिलाफ सरगुजा एसीबी में शिकायत की थी। शिकायत में कहा गया था कि प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत स्वीकृत तालाब निर्माण कार्य का मूल्यांकन करने और रिपोर्ट तैयार करने के लिए एसडीओ ने 15 हजार रुपये रिश्वत मांगी थी।
शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी ने जाल बिछाया और दिगंबर सिंह के घर पर ही 15 हजार रुपये लेते हुए एसडीओ ऋषिकांत तिवारी को पकड़ लिया। इसके बाद अंबिकापुर में उनके आवास की जांच की गई।
एसीबी के डीएसपी प्रमोद कुमार खेस ने बताया कि जब्त नकदी को आरोपी ने हाल ही में हितग्राहियों से रिश्वत के रूप में प्राप्त करना स्वीकार किया है। उसके पास से 52 लाख रुपये की एफडी मिली है और बैंक एवं बीमा खातों में भी लाखों रुपये का निवेश पाया गया है। इनकी विस्तृत जांच की जा रही है।
गिरफ्तारी के बाद एसीबी टीम ने आरोपी एसडीओ ऋषिकांत तिवारी को गुरुवार को सूरजपुर कोर्ट में पेश कर दिया।
इस कार्रवाई के बाद प्रेमनगर क्षेत्र के सरपंच और सचिवों ने राहत की सांस ली और पटाखे फोड़कर जश्न मनाया। बताया जा रहा है कि ऋषिकांत तिवारी लंबे समय से पंचायतों के मूल्यांकन कार्य में मनमानी करते थे, जिससे स्थानीय जनप्रतिनिधि काफी परेशान थे।



