छत्तीसगढ़
Trending

सिमगा में शुरू हुई “तीसरी आंख” की निगरानी: 40 सीसीटीवी कैमरों से अपराधियों पर रहेगी पैनी नजर, बोले उप मुख्यमंत्री साव – अपराध नियंत्रण में बनेगा मील का पत्थर

बलौदाबाजार, 11 अक्टूबर 2025/ उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने शुक्रवार को थाना सिमगा में अत्याधुनिक सीसीटीवी सिटी सर्विलांस प्रणाली का उद्घाटन किया। उन्होंने सर्विलांस कक्ष का निरीक्षण करते हुए इसकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली। इस अवसर पर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, कलेक्टर दीपक सोनी, पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता, जनपद अध्यक्ष दौलत राम पाल और जनपद सदस्य चंद्रप्रकाश टोंड्रे सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए नई तकनीकों का उपयोग कर रही है। सिमगा नगर में सिटी सर्विलांस प्रणाली की शुरुआत अपराध नियंत्रण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने बताया कि सिमगा नगर राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित है और औद्योगिक गतिविधियों के कारण यहां बाहरी राज्यों से भी लोग आते हैं। अब शहर में लगाए गए 40 उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे अपराधियों की पहचान और पकड़ने में सहायक होंगे। कैमरे रात में भी वाहन के नंबर स्पष्ट रूप से ट्रेस कर सकते हैं।

राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि अब सिमगा की निगरानी “तीसरी आँख” से होगी। पूरे शहर में लगे कैमरे अपराध पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करेंगे। वहीं, कलेक्टर दीपक सोनी और पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने भी इस पहल को शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने वाला कदम बताया।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button