Raipur IIIT Scandal: ट्रिपल आईटी रायपुर में छात्र ने AI से बनाई छात्राओं की अश्लील तस्वीरें, प्रबंधन ने किया सस्पेंड — पुलिस जांच शुरू

रायपुर। राजधानी के नवा रायपुर स्थित भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT Raipur) से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक छात्र ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से संस्थान में पढ़ने वाली 30 से अधिक छात्राओं की फेक अश्लील तस्वीरें और वीडियो तैयार कर लिए।
जैसे ही यह बात छात्राओं तक पहुंची, पूरे कैंपस में हड़कंप मच गया। छात्राओं ने तत्काल इसकी शिकायत संस्थान प्रबंधन से की। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रबंधन ने छात्र के परिजनों को सूचना दी और उसे तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया।
प्रबंधन और पुलिस दोनों सक्रिय
सूत्रों के अनुसार, IIIT प्रबंधन ने छात्र के कमरे की तलाशी लेकर उसका मोबाइल, लैपटॉप और पेन ड्राइव जब्त कर लिए हैं। प्रारंभिक जांच में छात्राओं की शिकायतें सही पाई गई हैं। संस्थान ने तकनीकी और अन्य पहलुओं की जांच के लिए महिला स्टाफ की एक कमेटी गठित की है।
वहीं, रायपुर पुलिस भी मामले में सक्रिय हो गई है। बुधवार को थाना प्रभारी समेत चार सदस्यीय पुलिस टीम ने IIIT के निदेशक ओपी व्यास से मुलाकात कर मामले की विस्तृत जानकारी ली।
छात्राओं में डर और आक्रोश
पीड़ित छात्राओं को अब यह चिंता सता रही है कि कहीं उनकी फेक तस्वीरें सोशल मीडिया या किसी अन्य प्लेटफॉर्म पर शेयर तो नहीं की गई हैं। पुलिस ने इस पहलू को भी जांच के दायरे में लिया है।
फिलहाल, जब्त डिजिटल उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि छात्र ने किस स्तर तक यह सामग्री तैयार और प्रसारित की।
👉 संस्थान ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी को सख्त सजा दिलाई जाएगी।



