भाजपा सहयोग केंद्र में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने सुनी कार्यकर्ताओं की समस्याएं, कहा — कार्यकर्ताओं की समस्याओं का होगा प्राथमिकता से समाधान

रायपुर, 8 अक्टूबर 2025/ भाजपा प्रदेश कार्यालय (कुशाभाऊ ठाकरे परिसर) में आज स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग एवं विधि-विधायी मंत्री गजेंद्र यादव ने सहयोग केंद्र में भाजपा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की समस्याओं तथा आवेदनों का निराकरण किया।
कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि मंत्री बनने के बाद आज पहली बार सहयोग केंद्र में कार्यकर्ताओं की समस्याओं का समाधान करने का अवसर मिला है, यह उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाएगा, ताकि किसी को भी अनावश्यक विलंब का सामना न करना पड़े।
मंत्री यादव ने स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग और विधि-विधायी विभाग से संबंधित मामलों पर विस्तृत चर्चा करते हुए अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने बताया कि सहयोग केंद्र में विभिन्न प्रकार की समस्याएँ कार्यकर्ताओं द्वारा उनके संज्ञान में लाई गईं, जिनके समाधान के लिए अधिकारियों को तत्काल निर्देश दिए गए हैं।
भाजपा सहयोग केंद्र में उनके साथ भाजपा के वरिष्ठ नेता सच्चिदानंद उपासने, प्रदेश महामंत्री नवीन मारकंडे, प्रदेश कार्यालय प्रभारी अशोक बजाज, प्रदेश उपाध्यक्ष रंजन साहू और आईटी सेल संयोजक सुनील पिल्लई उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि भाजपा सहयोग केंद्र में प्रतिदिन अलग-अलग मंत्री कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनके विभागीय मामलों की समीक्षा और समाधान कर रहे हैं, जिससे पार्टी संगठन और शासन के बीच समन्वय को और मजबूती मिल रही है।



