छग में तहसील स्तर पर 5000-5000 गौधाम बनाए जाएं तो सुरक्षित होंगी गौ माता : पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री

रायपुर, 05 अक्टूबर 2025 मारुति मंगल भवन में आयोजित पत्रकारवार्ता में बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में गौ माताओं की सड़क दुर्घटनाओं में हो रही मौत को रोकने के लिए राज्य सरकार को हर तहसील स्तर पर 5000-5000 गौधाम बनाने चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि 4 तहसील से शुरुआत की जाए तो 20 हजार गौधाम बन जाएंगे और इससे गायों की सुरक्षा सुनिश्चित हो जाएगी। गौठानों की बजाय गौधाम बनाकर उनके रहने, खाने और चारा-पानी की पूरी व्यवस्था होनी चाहिए।
पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि अमीर व्यक्ति गरीब का साथ नहीं दे रहा है, यही सनातन धर्म की सबसे बड़ी कमजोरी है। जाति-पाति और ऊंच-नीच के नाम पर लोगों को बरगलाया जा रहा है जबकि हिंदू-हिंदू भाई-भाई हैं। उन्होंने कहा कि “बुलडोजर से विचार कायम नहीं किया जा सकता, भक्ति पर किसी का वश नहीं है।”
उन्होंने संघ को शताब्दी वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संघ ने विचारधारा को बचाने और समाज में नई क्रांति खड़ी करने का काम किया है।
हर भारतवासी को लेना चाहिए ‘रामचरित मानस-गीता’ का ट्यूशन
पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि बच्चों के संस्कार और संस्कृति को मजबूत करने के लिए प्रत्येक भारतवासी को रोज़ तीन घंटे रामचरित मानस और गीता का ट्यूशन लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस पर विचार करे, अगर सरकार हिन्दुत्व को मानती है तो इसे लागू करे, अन्यथा बच्चों को प्रोत्साहित जरूर करे।
रिसर्च पर भी दिया बड़ा बयान
भूत-प्रेत के सवाल पर उन्होंने कहा कि हाल ही में 8 देशों की यात्रा के दौरान उन्होंने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में ‘पैरा नॉर्मल’ पर हो रहे शोध को देखा। भारत में इस विषय पर पीएचडी करने की योजना है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ कथा करना भी जरूरी है।
छत्तीसगढ़ में होंगे दिव्य दरबार और कथा
पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने घोषणा की कि अगर गुरु की कृपा रही तो रायपुर में दो दिन का दिव्य दरबार लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में 7 से 16 नवंबर तक कथा का आयोजन होने जा रहा है। कल दिव्य दरबार दोपहर 12 से 2 बजे तक और कथा शाम 3:30 से 6:30 बजे तक होगी।
उन्होंने जशपुर और बस्तर में कथा या पदयात्रा करने की इच्छा भी जताई और कहा कि अनुमति मिलने पर वे जरूर वहां जाएंगे।



