कवर्धा के गन्ना किसानों के लिए ऐतिहासिक सौगात : भोरमदेव शक्कर कारखाना अब गैर-अंशधारी किसानों को भी देगा सदस्यता, किसानों को मिलेगा बराबरी का दर्जा और गन्ना आपूर्ति होगी स्थिर

रायपुर, 29 सितंबर 2025 – कवर्धा जिले के गन्ना किसानों के लिए ऐतिहासिक दिन आया है। भोरमदेव सहकारी शक्कर उत्पादक कारखाना अब गैर-अंशधारी किसानों को भी सदस्यता देने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री सुशासन तिहार, जनदर्शन, भारतीय किसान संघ और अन्य संगठनों की लंबे समय से चली मांग को देखते हुए यह फैसला लिया गया।
पिछले पेराई सत्र में जिन किसानों ने गन्ना आपूर्ति की थी, उन्हें सदस्यता प्रदान की जाएगी। साथ ही, आने वाले पेराई सीजन 2025-26 में कारखाने की आवश्यकता अनुसार गन्ना देने वाले गैर-अंशधारी किसानों को भी अगले साल सदस्यता दी जाएगी।
भोरमदेव शक्कर कारखाना के प्रबंध संचालक मंडल ने कहा कि यह निर्णय किसानों के हित और कारखाने की स्थिर गन्ना आपूर्ति के लिए अहम है। इससे न केवल किसानों का भरोसा मजबूत होगा, बल्कि क्षेत्र में सहकारिता आंदोलन को भी नई दिशा मिलेगी।
भोरमदेव शक्कर कारखाना 03 अप्रैल 2001 को पंजीकृत हुआ था और इसकी वर्तमान पेराई क्षमता 3500 मैट्रिक टन प्रतिदिन है। कारखाने में वर्तमान में 23,476 अंशधारी सदस्य हैं, लेकिन हर साल केवल लगभग 12,500-13,000 किसान ही गन्ना आपूर्ति करते हैं। पिछले वर्ष पर्याप्त गन्ना आपूर्ति न होने के कारण कारखाना समय से पहले बंद करना पड़ा था।
किसानों ने इस ऐतिहासिक निर्णय का स्वागत किया है और इसे गन्ना उत्पादकों के लिए नया अध्याय बताया है।



