एसईसीएल का स्वच्छता ही सेवा समारोह: 100 सफाई मित्रों को सम्मान, बिरंची दास ने दिया हरित उत्सव और प्लास्टिक मुक्त भारत का संदेश

रायपुर, 27 सितम्बर 2025।
केंद्रीय कोयला मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत दक्षिण पूर्वी कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय में “स्वच्छता ही सेवा – 2025” अभियान के अंतर्गत आज सफाई मित्र सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन एसईसीएल मुख्यालय स्थित ऑडिटोरियम में हुआ, जिसमें निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास मुख्य अतिथि रहे। इस अवसर पर महाप्रबंधक (सिविल) भानु सिंह, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन-प्रशासन/जनसंपर्क/राजभाषा) मनीष श्रीवास्तव, विभिन्न विभागाध्यक्ष, श्रम संघ प्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
मुख्य अतिथि बिरंची दास ने अपने संबोधन में कहा, “सफाई मित्र हमारे कार्यस्थल और समाज की वास्तविक शक्ति हैं। स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाने में उनका योगदान अतुलनीय है। हमें संकल्प लेना होगा कि हम सिंगल यूज़ प्लास्टिक का त्याग करें और हर उत्सव को हरित उत्सव के रूप में मनाएँ।” उन्होंने बताया कि इस वर्ष समारोह की थीम “स्वच्छोत्सव” है, जिसका उद्देश्य है प्लास्टिक के न्यूनतम उपयोग और हर उत्सव को हरित पर्व के रूप में मनाने की दिशा में जागरूकता फैलाना।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा 100 सफाई मित्रों का सम्मान, जिन्हें बिरंची दास ने सम्मानित किया और उनके अमूल्य योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि एसईसीएल द्वारा 14 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2025 तक विशेष “स्वच्छता ही सेवा” अभियान संचालित किया जा रहा है। इस दौरान नदियों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई, बच्चों के लिए “स्वच्छता पाठशाला”, नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन गतिविधियों का उद्देश्य न केवल स्वच्छता को बढ़ावा देना है बल्कि पर्यावरण संरक्षण और हरित जीवनशैली को भी प्रोत्साहित करना है।
अंत में एसईसीएल प्रबंधन ने सभी कर्मचारियों और नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छता अभियान से जुड़कर स्वच्छ, स्वस्थ और हरित भारत निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँ।



