छत्तीसगढ़

गोदावरी इस्पात हादसा: गर्म लोहे की चपेट में आने से 6 मजदूरों की मौत; विधायक अनुज शर्मा ने अस्पताल पहुंचकर दी मदद का आश्वासन, पुलिस-प्रशासन को दिए सख्त जांच के निर्देश

रायपुर, 27 सितम्बर 2025 राजधानी रायपुर के धरसींवा थाना क्षेत्र स्थित सिलतरा टाढा में गोदावरी इस्पात स्टील फैक्ट्री में शुक्रवार को भीषण हादसा हुआ। निर्माणाधीन प्लांट के एक हिस्से के ढहने और गर्म लोहे के लावा के फैलने से छह मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं और कुछ की स्थिति अत्यंत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे में फैक्ट्री मैनेजर की भी मौत हुई है। मृतक और घायल मजदूरों में से कई ने बताया कि उन्होंने पहले भी सुरक्षा उपकरणों और सुरक्षित कार्य वातावरण की कमी की शिकायत की थी, लेकिन प्रबंधन ने उसे अनदेखा कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही विधायक अनुज शर्मा ने अपने सभी कार्यक्रम स्थगित कर तत्काल अस्पताल पहुंचकर घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने मृतकों के परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया और प्रशासन को निर्देश दिए कि घायलों का सर्वोत्तम इलाज सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, लापरवाही करने वाले दोषियों के खिलाफ तुरंत कड़ी कार्रवाई और जांच की भी व्यवस्था करने के आदेश दिए।

ग्रामीणों और परिजनों के आक्रोश को देखते हुए फैक्ट्री परिसर के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।

यह हादसा उद्योगों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी के गंभीर परिणामों को सामने लाता है और संबंधित अधिकारियों और प्रबंधन के लिए चेतावनी का संकेत है।


IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button