जगदलपुर नगर निगम में जीएसटी सुधार पर मोदी का अभिनंदन : संजय पांडे बोले – ‘प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत आर्थिक महाशक्ति बनने की ओर अग्रसर’

जगदलपुर, 26 सितंबर 2025: नगर पालिका निगम जगदलपुर में शुक्रवार को जीएसटी सुधार पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिनंदन और समर्थन करते हुए विशेष सम्मेलन आयोजित किया गया। निगम अध्यक्ष खेम सिंह देवांगन की अध्यक्षता में सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित किया गया।
विशेष सम्मेलन की शुरुआत वंदे मातरम राष्ट्रगीत और अरपा पैरी लोकगीत से हुई। महापौर संजय पांडे ने कहा कि यह सम्मेलन ऐसे युग पुरुष का अभिनंदन करने के लिए बुलाया गया है जिन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सरल कर प्रणाली और एक भारत-एक कर-एक बाजार की अवधारणा के माध्यम से देश में ऐतिहासिक सुधार किए हैं।
महापौर ने यह भी कहा कि इस सुधार से किसानों, व्यापारियों, महिलाओं, युवाओं और मध्यम वर्ग को लाभ मिलेगा, खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में अनुपालन कम होने और तेज रिफंड मिलने से कृषि उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।
संजय पांडे ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 60 वर्षों में कांग्रेस ने वित्तीय सुधारों और राष्ट्रहित के मुद्दों पर हमेशा विरोध किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि स्थानीय निकायों से लेकर महानगरों तक जीएसटी सुधार को हर नागरिक तक पहुंचाने के लिए नगर निगम पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
सभापति योगेंद्र पांडे ने कहा कि आयकर में छूट और अब जीएसटी स्लैब में सरलीकरण भारत को विश्व की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में अग्रसर कर रहा है। वहीं, सभापति सुरेश गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने एक राष्ट्र-एक कर की अवधारणा को साकार किया और अब इसे और सरल बनाया गया है।
निर्मल पाणिग्रही ने कहा कि नए सुधार सूक्ष्म, लघु और मंझोले उद्योगों के लिए सबसे अधिक लाभदायक हैं और रोजमर्रा की वस्तुएं किफायती होंगी, जिससे किसानों की आर्थिकी मजबूत होगी।
नगर निगम की 32 पार्षदों में से अधिकांश ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया, जबकि कांग्रेसी पार्षद उपस्थित नहीं रहे। निर्दलीय पार्षद माया नायक और कुबेर देवांगन ने पूर्ण समर्थन दिया।
विशेष सम्मेलन में निगम के एमआईसी सदस्य, भाजपा पार्षद दल, निर्दलीय पार्षद और अधिकारी-कर्मचारी गण उपस्थित रहे।



