नवा रायपुर में केबिनेट मंत्री गुरु खुशवन्त साहेब का भव्य स्वागत, जेसीबी से बरसे फूल और आतिशबाजी में हुआ जोरदार अभिनंदन

आरंग/नया रायपुर/रायपुर, 21 सितंबर 2025 केबिनेट मंत्री बनने के बाद प्रथम बार नवा रायपुर पहुंचे गुरु खुशवन्त साहेब का रविवार को जोरदार स्वागत किया गया। सेक्टर-27 मिनी मार्केट स्थित बालक दास चौक में नवा रायपुर सरपंच संघ, अटल नगर भाजपा मंडल और किसान संघ प्रमुखों के संयुक्त नेतृत्व में गाजे-बाजे, आतिशबाजी और जेसीबी से फूल बरसाकर उनका अभिनंदन किया गया। इस दौरान उन्हें मैमोंटू और गजमाला भेंट कर सम्मानित भी किया गया।

स्वागत कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे। इस मौके पर मंत्री गुरु खुशवन्त साहेब ने कहा—
“प्रदेश की जनता ने जो विश्वास मुझ पर जताया है, उसे मैं जीवनभर निभाने का प्रयास करूंगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विज़न और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को समृद्ध और विकसित राज्य बनाने की दिशा में पूरी निष्ठा से काम करूंगा। नवा रायपुर क्षेत्र मेरी कर्मभूमि रहा है, यहां के विकास कार्यों को गति देना मेरी पहली प्राथमिकता होगी। जनता और कार्यकर्ताओं का यह स्नेह मेरे लिए ऊर्जा का काम करेगा।”
नवा रायपुर सरपंच संघ के अध्यक्ष हेमकुमार मारकंडे ने कहा कि गुरु खुशवन्त साहेब का नया रायपुर आगमन हमारे लिए गौरव की बात है। एक सामान्य कार्यकर्ता से कैबिनेट मंत्री तक का उनका सफर प्रेरणादायी है। वे गांव और किसानों की समस्याओं को नजदीक से समझते हैं और प्रदेश स्तर पर जनहित के फैसले लेंगे। हमें विश्वास है कि मंत्री बनने के बाद भी वे जनता के बीच रहकर विकास की गति को और तेज करेंगे।
कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, सरपंच संघ के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



