कोंडागांव में शादी के तीन माह बाद पत्नी की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

कोंडागांव। जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शादी के महज तीन महीने बाद ही पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है।
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का
जानकारी के अनुसार, माकड़ी विकासखंड के मीरमिंडा गांव की रहने वाली रुचिता नायक (26) की 2 जून 2025 को राधेश्याम चौहान (31) से शादी हुई थी। 18 सितंबर को उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
पति के अफेयर का आरोप
मृतका की बहन रेणुका नायक ने बताया कि शादी के बाद से ही राधेश्याम का किसी दूसरी युवती से संबंध था। वह रात-रात भर उसी युवती के घर पर रहता था और घर देर से आता था। इसको लेकर पति-पत्नी में विवाद होता रहता था। रुचिता ने यह बात कई बार अपनी बहन को बताई थी। परिजनों का आरोप है कि दूसरी युवती से संबंध के बारे में ससुराल वालों को जानकारी थी, बावजूद इसके शादी करवाई गई। यहां तक कि राधेश्याम उस युवती की पढ़ाई का खर्च भी उठाता था।
अटैक का हवाला देकर बुलाया, अस्पताल पहुंचने पर मिली लाश
मृतका के मायके वालों ने बताया कि ससुराल से फोन आया था कि रुचिता को अटैक आया है और उसे अस्पताल लाया गया है। जब वे पहुंचे तो रुचिता मृत पड़ी थी। इसके बाद उन्होंने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया।
पति ने दर्ज कराई रिपोर्ट, मायके वालों ने उठाए सवाल
घटना के बाद पति राधेश्याम ने ही थाने में प्राथमिक रिपोर्ट लिखवाई थी। मायके पक्ष ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि मौत सामान्य थी तो रिपोर्ट क्यों लिखवाई गई। उन्होंने इसे सामान्य मौत न मानते हुए हत्या की साजिश बताया है।
पुलिस जांच में जुटी
थाना प्रभारी शशि भूषण पटेल ने बताया कि मायके पक्ष की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। डॉक्टरों की टीम जांच कर रही है और न्यायिक जांच के लिए भी पत्र लिखा गया है। पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है



