सुकमा में मुठभेड़: पांच लाख की ईनामी महिला नक्सली बूस्की नुप्पो ढेर, भारी हथियार बरामद

सुकमा, 18 सितंबर 2025
जिले के थाना गादीरास क्षेत्र में आज सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में पांच लाख रुपए के ईनाम वाली महिला नक्सली बूस्की नुप्पो ढेर हो गई। वह मलांगीर एरिया कमेटी की मेंबर थी और सुकमा व दंतेवाड़ा जिलों में 9 गंभीर मामलों में वांटेड थी।
पुलिस अधीक्षक सुकमा किरण चव्हाण ने बताया कि 18 सितंबर को गुफड़ी और पेरमापारा के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों की जानकारी मिलने के बाद डीआरजी टीम ने सर्च अभियान शुरू किया। इसी दौरान मुठभेड़ हुई और मौके से बूस्की नुप्पो का शव हथियार सहित बरामद हुआ।
मुठभेड़ स्थल से 315 बोर रायफल, 5 कारतूस, वायरलेस सेट, 8 डेटोनेटर, 10 मीटर कोर्डेक्स वायर, 4 जिलेटिन रॉड, पिट्ठू, बारूद, रेडियो, बंडा, नक्सली साहित्य और अन्य उपयोगी सामग्री भी जब्त की गई।
पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज सुन्दरराज पी. ने माओवादी कैडरों से अपील की कि वे हिंसा का मार्ग छोड़कर सरकार की पुनर्वास नीति का लाभ उठाएं और मुख्यधारा में लौटें।



