छत्तीसगढ़
Trending

जशपुर वन मंडल में हाथियों का आतंक: दोकड़ा चर्च में भारी तोड़फोड़, ग्रामीणों में आक्रोश

जशपुर, 06 सितंबर 2025 जशपुर वन मंडल में हाथियों से सुरक्षा देने में वन विभाग पूरी तरह नाकाम साबित हो रहा है। बीती रात कांसाबेल वन परिक्षेत्र के दोकड़ा पोखरटोली स्थित बिलिक्र्स ईस्टर्न चर्च पर हाथियों के दल ने जमकर उत्पात मचाया। चार हाथियों ने चर्च की दीवारें तोड़ डालीं और पीछे बने कमरे को नुकसान पहुंचाया। श्रद्धालुओं द्वारा समाजसेवा कार्य के लिए एकत्रित किया गया चावल-धान का भंडार व खाद्य सामग्री भी हाथियों ने नष्ट कर दी।

ग्रामीणों ने बताया कि ये हाथी पत्थलगांव और सीतापुर क्षेत्र से आकर कांसाबेल इलाके में लगातार उत्पात मचा रहे हैं। वन विभाग की उदासीनता और लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। उनका कहना है कि विभागीय कर्मचारी केवल जागरूकता अभियान की औपचारिकता निभा रहे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर कोई ठोस सुरक्षा उपाय नहीं किए जा रहे।

ग्रामीणों ने शोर-शराबा कर हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।

कांसाबेल रेंजर प्रभावती चौहान ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से यही चार हाथी दोकड़ा इलाके में सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि चर्च में हुई क्षति का आकलन कर प्रभावितों को शीघ्र ही मुआवजा दिलाया जाएगा।

हाथियों के लगातार हमलों से जशपुर और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से त्वरित और ठोस कार्रवाई की मांग की है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button