छत्तीसगढ़
Trending

प्रतापगढ़ डीएवी स्कूल में दूसरी क्लास की बच्ची को बर्बर सजा, 100 बार उठक-बैठक और डंडे मारने से पैरों के मसल्स क्रैक

सरगुजा। जिले के प्रतापगढ़ स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में दूसरी कक्षा की छात्रा के साथ शिक्षिका द्वारा की गई बर्बर सजा का मामला सामने आया है। महिला टीचर ने 8 वर्षीय छात्रा समृद्धि गुप्ता को 100 बार उठक-बैठक कराने के साथ दो डंडे भी मारे। इससे बच्ची के पैरों के मसल्स क्रैक हो गए हैं और अब वह चलने-फिरने की हालत में नहीं है। बच्ची का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

टॉयलेट जाने पर दी गई थी सजा

समृद्धि ने बताया कि वह टॉयलेट जा रही थी। इसी दौरान क्लास की टीचर नम्रता गुप्ता मोबाइल चलाते हुए खड़ी थीं। जब उन्होंने बच्ची से घूमने का कारण पूछा तो उसने टॉयलेट जाने की बात कही। इस पर गुस्साई टीचर ने उसे दो डंडे मारे और क्लास में लाकर 100 बार उठक-बैठक कराई। इसके बाद उसके घुटनों के नीचे तेज दर्द शुरू हो गया और वह चल-फिर नहीं पा रही है।

परिजनों ने की शिकायत

समृद्धि गुप्ता गुतुरमा गांव में अपने बड़े पिता अनुराग गुप्ता के घर रहकर पढ़ाई करती है। पिता मनोज गुप्ता अंबिकापुर में काम करते हैं। बच्ची की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने पहले स्कूल प्रिंसिपल से शिकायत की। लेकिन, जब शिक्षिका ने घटना से इनकार कर दिया, तो परिजन अंबिकापुर एसपी ऑफिस पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई।

DEO बोले- शिकायत नहीं मिली, BEO ने कही जांच की बात

इस मामले में सरगुजा DEO दिनेश झा ने कहा कि उन्हें इस संबंध में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी। वहीं, सीतापुर BEO इंदु तिर्की ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है और आगामी दो दिनों में शिक्षा विभाग की टीम जांच करेगी। दोषी शिक्षिका पाए जाने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

👉 बच्ची अब भी दर्द से कराह रही है और पैरों पर खड़े होने की हालत में नहीं है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button