रायपुर में आज से सख्ती: बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं, पुलिस करेगी सीधे कार्रवाई

रायपुर, 01 सितंबर 2025।रायपुर में आज से नया नियम लागू हो गया है। अब बिना हेलमेट के किसी भी पेट्रोल पंप पर पेट्रोल नहीं मिलेगा। छत्तीसगढ़ पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन ने यह अहम फैसला लिया है, जिसे जिला प्रशासन और पुलिस का भी पूरा समर्थन मिला है।
नो हेलमेट–नो पेट्रोल अभियान के तहत अगर कोई व्यक्ति पेट्रोल भराने को लेकर विवाद या हंगामा करता है तो पंप संचालक इसकी शिकायत सीधे डायल 112 पर कर सकेंगे। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेगी।
पुलिस के आंकड़े चौंकाने वाले हैं। सिर्फ पिछले 7 महीनों में रायपुर में हेलमेट नहीं पहनने की वजह से 214 लोगों की मौत हुई है, जबकि 150 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वहीं, सीट बेल्ट नहीं लगाने से भी 20 से अधिक लोगों ने अपनी जान गंवाई, जिनमें ज्यादातर कार ड्राइवर थे।
अब प्रशासन का कहना है कि इस अभियान से सड़क हादसों में होने वाली मौतों और गंभीर चोटों को कम करने में मदद मिलेगी।



