प्रधानमंत्री मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम से प्रेरित हुए विधायक अनुज, बोले – आत्मनिर्भर भारत ही विकसित भारत का मार्ग

रायपुर, 31 अगस्त 2025 रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 125वें ‘मन की बात’ कार्यक्रम का प्रसारण सुना गया। इस दौरान धरसींवा विधायक अनुज शर्मा भी उपस्थित रहे।
विधायक अनुज ने कहा कि प्रधानमंत्री का ‘मन की बात’ कार्यक्रम सभी को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा और ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने कहा – “प्रधानमंत्री जी के विचार हम सभी को जन-जन तक पहुंचाने और उन्हें साकार करने के लिए हम पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं। उनके संदेश ने राष्ट्र निर्माण के संकल्प को और मज़बूत किया है।”
प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम में देश की उपलब्धियों और सफलताओं का उल्लेख किया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि “एक भारत श्रेष्ठ भारत” में खेलों की अहम भूमिका है। साथ ही UPSC अभ्यर्थियों के लिए बनाए गए ‘प्रतिभा सेतु पोर्टल’ का जिक्र किया, जिसके जरिए योग्य युवाओं को निजी कंपनियों में अवसर मिल रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने बाढ़ आपदा के समय दिन-रात सेवा करने वाले जवानों की सराहना करते हुए उन्हें देश का गौरव बताया। वहीं, गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि त्योहारों में हमें ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देना चाहिए ताकि भारत का धन भारत में ही काम आए।
मोदी ने यह भी कहा कि आज रामायण और भारतीय संस्कृति के प्रति प्रेम पूरी दुनिया के हर कोने तक पहुंच रहा है।
इस मौके पर विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री का संदेश हम सबको आत्मनिर्भर भारत की ओर ले जाता है और यही विकसित भारत का एकमात्र मार्ग है।



