रायपुर में 1 सितंबर से लागू होगा ‘नो हेलमेट, नो पेट्रोल’ नियम, बिना हेलमेट पेट्रोल पंपों से नहीं मिलेगा ईंधन

रायपुर। राजधानी में सड़क सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम उठाया गया है। रायपुर पेट्रोल पंप एसोसिएशन ने निर्णय लिया है कि 1 सितंबर से जिले में ‘नो हेलमेट, नो पेट्रोल’ अभियान सख्ती से लागू किया जाएगा।
अब दोपहिया वाहन चालक अगर बिना हेलमेट पेट्रोल पंप पर पहुंचते हैं तो उन्हें पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। एसोसिएशन ने इस संबंध में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह को ज्ञापन भी सौंपा है।
एसोसिएशन का कहना है कि रायपुर में हाल के दिनों में लगातार सड़क दुर्घटनाओं की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिनमें गंभीर चोट और मौत तक के मामले शामिल हैं। इन दुर्घटनाओं में ज्यादातर बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहना था, जिसके कारण उन्हें सिर पर गंभीर चोट लगी।
इस अभियान के तहत सभी पेट्रोल पंपों पर हेलमेट की अनिवार्यता सुनिश्चित की जाएगी। अधिकारियों और एसोसिएशन का मानना है कि इससे लोगों में जागरूकता बढ़ेगी और सड़क हादसों में कमी आएगी।



