धरसींवा में शाला प्रवेश उत्सव के रंग– बच्चों के माथे पर तिलक, हाथों में शिक्षा सामग्री और मन में सपनों की उड़ान, विधायक अनुज शर्मा ने कहा- “संस्कार और शिक्षा ही बनाएंगे उज्ज्वल भारत”

रायपुर, 5 जुलाई 2025 (शनिवार):
धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न शासकीय विद्यालयों में आज हर्षोल्लास के साथ शाला प्रवेश उत्सव मनाया गया। ग्राम रायखेड़ा के स्वामी आत्मानंद शासकीय हिन्दी एवं अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालय, ग्राम दोन्देकला के शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय एवं ग्राम चरौदा के कन्या शाला में आयोजित इस कार्यक्रम में विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

विधायक शर्मा ने छोटे-छोटे विद्यार्थियों का तिलक कर एवं मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया। बच्चों को शिक्षा सामग्री भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर वृक्षारोपण भी किया गया, जिसमें बच्चों की भागीदारी रही। विधायक ने एक छात्र को उस वृक्ष की देखभाल की जिम्मेदारी सौंपते हुए उसे पर्यावरण प्रहरी के रूप में प्रोत्साहित किया।

विधायक अनुज शर्मा ने इस मौके पर कहा,
“एक भी बच्चा छूटेगा, शत-प्रतिशत शिक्षित भारत का संकल्प टूटेगा। शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कार भी जरूरी हैं, यही आपके व्यक्तित्व की असली पहचान बनेंगे।”
उन्होंने कहा कि शाला प्रवेश उत्सव का उद्देश्य सिर्फ विद्यालय में नामांकन ही नहीं, बल्कि बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़कर उन्हें एक सशक्त, समृद्ध और संस्कारित भविष्य की ओर ले जाना है। उन्होंने राज्य सरकार की शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण और समग्र शिक्षा देना छत्तीसगढ़ सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य:
इस अवसर पर श्रीमती सविता चंद्राकर, श्रीमती शकुंतला ढीलेंद्र सेन, श्री दिनेश खटे, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में अभिभावकगण उपस्थित रहे।
📚🌱 बच्चों के सपनों को संवारने और पर्यावरण के प्रति जागरूकता का यह सुंदर संगम, धरसींवा में शिक्षा को लेकर एक नई ऊर्जा का संचार करता है।



