छत्तीसगढ़
Trending

नारायणपुर में रातभर चली मुठभेड़, सुबह दो नक्सलियों के शव बरामद

नारायणपुर/कांकेर, 26 जून 2025 – छत्तीसगढ़ के घने जंगलों से घिरे अबूझमाड़ इलाके में एक बार फिर सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई है। नारायणपुर जिले के कोहकामेटा थाना क्षेत्र में बुधवार रात से चल रही इस मुठभेड़ में जवानों ने दो नक्सलियों को मार गिराया है। घटनास्थल से 315 बोर की राइफल समेत अन्य हथियार भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर DRG (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) और STF (स्पेशल टास्क फोर्स) के जवानों की संयुक्त टीम को ऑपरेशन पर भेजा गया था। रात में जब सुरक्षाबल नक्सलियों के ठिकाने के पास पहुंचे तो नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। गुरुवार सुबह सर्चिंग के दौरान दो नक्सलियों के शव बरामद किए गए।

घटना के बाद भी इलाके में फायरिंग की आवाजें सुनी गईं। सुरक्षा बल मौके पर मौजूद हैं और ऑपरेशन अभी भी जारी है।

कांकेर में 8 लाख की इनामी महिला नक्सली मारी गई

इससे ठीक छह दिन पहले, 20 जून को कांकेर जिले के छोटेबेटिया थाना क्षेत्र अंतर्गत आमाटोला इलाके में भी मुठभेड़ हुई थी। जवानों ने 8 लाख रुपये की इनामी महिला नक्सली को मार गिराया था। उसके पास से भी हथियारों का जखीरा बरामद किया गया था। यह कार्रवाई केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे से ठीक पहले हुई थी।

2026 तक नक्सलवाद खत्म करने का लक्ष्य

गौरतलब है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बीते वर्ष रायपुर में आयोजित बैठक में 31 मार्च 2026 तक देश को नक्सलवाद से मुक्त करने की घोषणा की थी। इसके तहत छत्तीसगढ़ में तेज़ी से ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बनी नई सरकार के कार्यकाल में अब तक 350 से ज्यादा नक्सली मारे जा चुके हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले महीनों में नक्सल ऑपरेशनों की रफ्तार और तेज़ होगी ताकि शाह की डेडलाइन तक टारगेट पूरा किया जा सके।


IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button