छत्तीसगढ़
Trending

यू-ट्यूब देखकर बना तांत्रिक, महिला से 36 लाख ठगे, फ्लैट नहीं दिया तो दी तंत्र से मारने की धमकी!

भिलाई, 11 जून 2025 – छत्तीसगढ़ के भिलाई में एक महिला से तांत्रिक विद्या के नाम पर 36 लाख 66 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी खुद को तांत्रिक बताकर महिला की कुंडली में दोष निकालता रहा, भय दिखाकर पूजा-पाठ के नाम पर मोटी रकम ऐंठी और फ्लैट अपने नाम करवाने का दबाव भी बनाया। विरोध करने पर महिला को तंत्र विद्या से जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत के बाद पुलिस ने हरियाणा निवासी फर्जी तांत्रिक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

यू-ट्यूब देख बन गया था तांत्रिक

आरोपी की पहचान कुलदीप उर्फ कालू (35), निवासी रीटोली, रोहतक (हरियाणा) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि कुलदीप कोई असली पंडित नहीं है, बल्कि उसने यू-ट्यूब से तंत्र-मंत्र की जानकारी हासिल कर खुद को तांत्रिक घोषित कर दिया था।

36 लाख रुपए और फ्लैट हड़पने की साजिश

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, भिलाई के शिखर अपार्टमेंट, जुनवानी निवासी पल्लवी जायसवाल (46) वर्ष 2022 में मानसिक और शारीरिक परेशानियों से जूझ रही थी। इसी दौरान उनकी मुलाकात नेहरू नगर स्थित कालीबाड़ी मंदिर के पुजारी परिचय मिश्रा से हुई, जिसने उन्हें बताया कि कुंडली में भारी दोष हैं और ग्रह शांति कराना जरूरी है। मिश्रा ने अपने तथाकथित गुरु पं. कुलदीप महाराज से मिलवाया, जिसे हरियाणा से बुलवाया गया।

कुलदीप ने महिला को डरा कर कहा कि उनकी जान को खतरा है और शीघ्र पूजा करानी होगी। महिला के डर का फायदा उठाकर उसने जनवरी 2023 से अप्रैल 2025 तक अलग-अलग किस्तों में कुल 36 लाख 66 हजार रुपए ठगे। बाद में उसने महिला के फ्लैट को अपने नाम करवाने का दबाव भी बनाया।

विरोध करने पर दी तंत्र से मौत की धमकी

जब पल्लवी ने फ्लैट देने से इनकार किया, तो आरोपी ने उसे तंत्र विद्या से जान से मारने की धमकी दी। इससे भयभीत होकर महिला ने सुपेला थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने किया गिरफ्तार, भेजा जेल

सुपेला पुलिस ने जब मामले की जांच की तो आरोपी के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिले। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी के पास से कार, दो मोबाइल, तांत्रिक सामग्री, बैनर-पोस्टर और कुछ जड़ी-बूटियां भी जब्त की हैं।

एएसपी पद्मश्री तंवर ने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है और महिला को पूरी सुरक्षा दी जा रही है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने कहीं और भी इसी तरह की ठगी तो नहीं की है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button