रायपुर में राष्ट्रीय आम महोत्सव का रंगारंग आगाज़: मुख्यमंत्री साय और विधायक अनुज शर्मा ने दी किसानों को तकनीकी सीख, 200 से अधिक आम की किस्मों का हुआ प्रदर्शन

रायपुर, 7 जून 2025। राजधानी रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में 6 से 8 जून तक आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय आम महोत्सव का आयोजन फलप्रेमियों और किसानों के लिए एक प्रेरक मंच बनकर उभरा। शनिवार को हुए विशेष सत्र में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, कृषि मंत्री रामविचार नेताम और विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि इस महोत्सव का उद्देश्य आम की विविध किस्मों, उनसे बने उत्पादों और आधुनिक कृषि तकनीकों को जनसामान्य तक पहुँचाना है। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में देशभर से लाई गई 200 से अधिक किस्मों के आम प्रदर्शित किए गए हैं, जिनमें स्वाद, आकार, रंग और सुगंध की अद्भुत विविधता देखने को मिल रही है। साथ ही आम से बने 56 प्रकार के व्यंजनों की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।


मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि महोत्सव के माध्यम से आम उत्पादकों को तकनीकी मार्गदर्शन, उन्नत किस्मों की खेती, विपणन और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है, जिससे किसान अधिक उत्पादन कर बेहतर आमदनी प्राप्त कर सकें।
विधायक अनुज शर्मा, जिन्हें पद्मश्री से भी सम्मानित किया जा चुका है, ने कहा कि यह महोत्सव न केवल आम के प्रति जनजागरूकता बढ़ा रहा है, बल्कि किसानों को नई कृषि तकनीकों से परिचित करवा रहा है। उन्होंने कहा कि, “किसान अब यह सीख पा रहे हैं कि कैसे कम समय में अधिक उत्पादन लिया जा सकता है, और दूसरे राज्यों या देशों की किस्में छत्तीसगढ़ की जलवायु में कैसे अनुकूल की जा सकती हैं।”
महोत्सव में दशहरी, लंगड़ा, चौसा, मालदा, केसर, अलफांसो, तोतापरी, नीलम जैसी पारंपरिक किस्मों के साथ-साथ मल्लिका, आम्रपाली, पूसा अरुणिमा, अम्बिका, सिंधु, अर्का पुनीत जैसी संकर किस्मों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
इस अवसर पर राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल सहित बड़ी संख्या में किसान, उद्यानिकी विशेषज्ञ, आम प्रेमी और छात्र उपस्थित रहे। महोत्सव में आम की व्यावसायिक संभावनाओं पर परिचर्चा, प्रदर्शनी, स्वाद प्रतियोगिता और लाइव डेमो जैसी गतिविधियाँ शामिल हैं।



