छत्तीसगढ़
Trending

सड़क हादसे में जख्मी मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत : आयुष्मान अस्पतालों में अब 7 दिन तक होगा डेढ़ लाख रुपए तक का कैशलेस इलाज, सरकार ने लागू की नई स्कीम

रायपुर, 23 मई 2025:
भारत सरकार द्वारा शुरू की गई सड़क दुर्घटना पीड़ितों का नकदी रहित उपचार स्कीम 2025 अब छत्तीसगढ़ में भी लागू हो गई है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने आज इसकी जानकारी देते हुए बताया कि अब सड़क दुर्घटनाओं के पीड़ितों को आयुष्मान योजना से संबद्ध अस्पतालों में सात दिन तक डेढ़ लाख रुपए तक का इलाज निःशुल्क मिलेगा।

जायसवाल ने इस योजना को बेहद जन उपयोगी बताया और कहा कि यह उन परिवारों के लिए बड़ी राहत है जो दुर्घटनाओं के बाद आर्थिक बोझ से जूझते हैं। एक व्यक्ति के लिए इलाज की अधिकतम सीमा डेढ़ लाख रुपए होगी, वहीं यदि एक ही परिवार के दो या तीन लोग दुर्घटना में घायल होते हैं तो उन्हें क्रमश: तीन लाख और साढ़े चार लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज मिल सकेगा।

उन्होंने बताया कि यदि किसी अस्पताल में जरूरी संसाधन या विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध नहीं हैं, तो वह अस्पताल केस को तुरंत किसी सक्षम अस्पताल में भेज सकेगा और पोर्टल पर अपडेट करेगा ताकि इलाज में देर न हो। ट्रॉमा और पॉलीट्रॉमा जैसी गंभीर स्थितियों के लिए और अधिक सक्षम अस्पतालों को योजना में शामिल किया जाएगा।

योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी ज़िलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने इस महत्वपूर्ण योजना को राज्य में तत्काल लागू करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृह मंत्री विजय शर्मा को धन्यवाद देते हुए उनका आभार जताया।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button