छत्तीसगढ़ में समाधान शिविर से मिला बड़ा तोहफा : मुरमुंदा हाईस्कूल को हाईर सेकेंडरी स्कूल में अपग्रेड, मुख्यमंत्री ने दिए बड़े घोषणा और कर्ज, चेक, एटीएम कार्ड वितरित

दुर्ग, 20 मई 2025/मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज दुर्ग जिले के धमधा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मुरमुंदा में आयोजित समाधान शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि “सरकार का कार्य सिर्फ योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। जब हम गांव-गांव जाकर समाधान शिविर लगाते हैं, तो यह हमारी जवाबदेही और जनसेवा का जीवंत प्रमाण बन जाता है।”
उन्होंने कहा कि सरकार ने अपने एक वर्ष पूर्ण होने पर जनता को रिपोर्ट कार्ड दिया था और अब डेढ़ वर्ष पूरे होने पर पुनः जनता के समक्ष अपने कामकाज का लेखा-जोखा प्रस्तुत कर रही है। उन्होंने बताया कि दुर्ग जिला सुशासन तिहार के अंतर्गत 19वां जिला है, जहां वे शिविर में शामिल हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मुरमुंदा शिविर में कुल 2630 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 2539 मामलों का मौके पर निराकरण कर दिया गया। शेष आवेदनों पर भी शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।
जनकल्याण की योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचा रही सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार हर घर तक बिजली और नल से जल पहुंचाने का कार्य कर रही है। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना और नल-जल योजना में भारी गड़बड़ियां की गई थीं, जिससे गरीबों के घर और पानी दोनों छिन गए थे। वर्तमान सरकार ने इन योजनाओं को सुधारा और धरातल पर क्रियान्वित किया।
उन्होंने बताया कि किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदी की जा रही है और दो वर्षों का बोनस भी दिया गया है। भूमिहीन कृषि मजदूरों को 10,000 रुपए वार्षिक सहायता, बुजुर्गों को तीर्थदर्शन योजना के तहत अयोध्या धाम समेत अन्य तीर्थ स्थलों की यात्रा का लाभ मिला है।
रजिस्ट्री के साथ नामांतरण की सुविधा, अटल डिजिटल सेवा केंद्रों का विस्तार
मुख्यमंत्री ने भूमि रजिस्ट्री की नई प्रणाली का उल्लेख करते हुए बताया कि अब रजिस्ट्री के साथ ही नामांतरण स्वतः हो जाएगा। पारिवारिक दानपत्र के माध्यम से मात्र 500 रुपए में जमीन देने की प्रक्रिया आसान की गई है।
उन्होंने बताया कि राज्य में अब तक 1460 ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र शुरू हो चुके हैं, जहां प्रतिदिन 1 से 1.5 लाख रुपये तक के बैंकिंग लेन-देन हो रहे हैं। आगामी एक वर्ष में सभी पंचायतों तक यह सुविधा पहुंचाने का लक्ष्य है।
शिविर में लाभ वितरण, मुरमुंदा हाईस्कूल का उन्नयन
समाधान शिविर के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को गृह प्रवेश की चाबियां, मनरेगा श्रमिकों को जॉब कार्ड, किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड, चेक और एटीएम कार्ड वितरित किए।
उन्होंने मुरमुंदा हाईस्कूल को हायर सेकंडरी स्कूल में उन्नत करने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम को उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, विधायक साजा ईश्वर लाल साहू, पूर्व विधायक प्रेमप्रकाश पांडेय, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने संबोधित किया।
शिविर में मुरमुंदा समेत 15 ग्राम पंचायतों से बड़ी संख्या में ग्रामीणजन शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने अंत में कहा, “जब शासन जनता के द्वार तक आता है, तभी असली सुशासन स्थापित होता है।”



