आज की बड़ी ख़बर : छत्तीसगढ़ में मानसून से पहले बड़ी तैयारी, जून में तीन महीने का चावल एक साथ, जशपुर में तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, रायपुर भाजपा के 20 मंडलों की कार्यकारिणी फाइनल, महापौर ने दिए नालों की सफाई के निर्देश, कवर्धा भाजपा की पूरी टीम रद्द

छत्तीसगढ़ समाचार – 17 मई 2025
राशन कार्डधारियों को जून में मिलेगा तीन माह का चावल एक साथ
रायपुर। प्रदेश में राशन कार्डधारियों को जून माह में एक साथ तीन महीने – जून, जुलाई और अगस्त – का चावल वितरित किया जाएगा। खाद्य विभाग ने भारत सरकार के निर्देशानुसार यह निर्णय लिया है। आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। चावल का भंडारण 31 मई तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज जशपुर दौरे पर, तिरंगा यात्रा में होंगे शामिल
रायपुर/जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज जशपुर जिले के दौरे पर रहेंगे, जहां वे तिरंगा यात्रा कार्यक्रम में भाग लेंगे। यह यात्रा शिव मंदिर से आम बगीचा तक निकाली जाएगी। मुख्यमंत्री शाम को रायपुर लौटेंगे।
रायपुर भाजपा के सभी मंडलों की कार्यकारिणी अंतिम चरण में
रायपुर। शहर जिला भाजपा के सभी 20 मंडलों की कार्यकारिणी का गठन लगभग पूरा हो गया है। पहले 16 मंडल थे, जिनकी कार्यकारिणी की सूची अनुमोदन के लिए जिला संगठन को भेज दी गई है। शेष चार नए मंडलों की सूची का इंतजार है। अंतिम अनुमोदन प्रदेश संगठन द्वारा किया जाएगा।
महापौर मीनल चौबे का निर्देश – 30 मई तक हो नालों की तली तक सफाई
रायपुर। मानसून पूर्व तैयारियों के तहत महापौर मीनल चौबे ने नगर निगम अमले को सख्त निर्देश दिए हैं। जलभराव और मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए 30 मई तक सभी प्रमुख नालों की तली तक सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि बारिश में जलभराव की स्थिति बनने पर संबंधित अधिकारी जिम्मेदार होंगे।
भाजपा ने कवर्धा विधानसभा के सभी मंडलों की सूची रद्द की
रायपुर/कवर्धा। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंहदेव ने कवर्धा विधानसभा क्षेत्र के सभी मंडलों की पदाधिकारी सूची को संगठनात्मक कारणों से निरस्त कर दिया है। अब नई सूची पर विचार-विमर्श के बाद निर्णय लिया जाएगा।



