छत्तीसगढ़

गरियाबंद: तलाकशुदा पत्नी की हत्या कर थाने पहुंचा आरोपी, इलाके में पसरा मातम

गरियाबंद। जिले के छुरा थाना क्षेत्र स्थित आवासपारा मोहल्ले में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। 35 वर्षीय महिला बिसनी मार्कंडेय की उसके पूर्व पति गोपी मार्कंडेय ने धारदार हथियार से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी स्वयं छुरा थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया।

थाना प्रभारी दिलिप मेश्राम ने बताया कि आरोपी महासमुंद जिले का निवासी है। करीब डेढ़ साल पहले दोनों के बीच सामाजिक रूप से तलाक हो चुका था, लेकिन गोपी लगातार बिसनी पर दोबारा साथ रहने का दबाव बना रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होते रहते थे। बिसनी दो बच्चों की मां थी और आवासपारा में अपने बच्चों के साथ रह रही थी।

स्थानीय लोगों के अनुसार, गोपी पहले भी अक्सर महिला के घर आता-जाता था। सोमवार सुबह कहासुनी के बाद आरोपी ने अचानक धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे बिसनी की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही छुरा पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को सील कर दिया।

फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button