डिप्टी CM विजय शर्मा ने सुकमा में आत्मसमर्पित नक्सलियों से की मुलाकात, पुनर्वास योजनाओं की ली समीक्षा

00राज्य की समस्त योजनाओं का लाभ दिलाने के दिए निर्देश00
रायपुर, 13 अप्रैल 2025 – उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा शनिवार को सुकमा के एकदिवसीय दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने नक्सल पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण किया और आत्मसमर्पित नक्सलियों से मुलाकात कर उनके हालचाल जाना। उन्होंने सरकार की पुनर्वास नीति, उनके अनुभवों और समस्याओं पर संवाद करते हुए विश्वास दिलाया कि राज्य सरकार उनके समुचित पुनर्वास के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य में शांति स्थापना और सामाजिक समावेश के प्रति गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने आत्मसमर्पित नक्सलियों को शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण, रोजगार और लघुवनोपज आधारित प्रसंस्करण से जोड़ने पर विशेष बल दिया।
शर्मा ने कलेक्टर को निर्देशित किया कि पुनर्वास केंद्र में नियमित प्रशिक्षक की नियुक्ति की जाए और कौशल उन्नयन के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि आत्मसमर्पित नक्सलियों के लिए जरूरी दस्तावेज – राशन कार्ड, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, बैंक पासबुक, मतदाता पहचान पत्र और राजस्व प्रमाणपत्र – शीघ्र तैयार कर उन्हें सौंपे जाएं।
इसके साथ ही उन्होंने पुनर्वास केंद्र में एक देवस्थली की स्थापना कर नियमित पूजा-अर्चना की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए, जिससे आत्मसमर्पित व्यक्तियों को सांस्कृतिक और आध्यात्मिक रूप से भी समाज से जोड़ा जा सके।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य आत्मसमर्पण करने वालों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है, और इसके लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
इस अवसर पर बस्तर सांसद महेश कश्यप, महिला आयोग की सदस्य दीपिका सोरी, बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी., पंचायत विभाग के सचिव तारण प्रकाश सिन्हा, डीआईजी कमलोचन कश्यप, सुकमा कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव, एसपी किरण चव्हाण, जनप्रतिनिधि धनीराम बारसे, जिला पंचायत सदस्य हुंगाराम मरकाम सहित अनेक स्थानीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।



