छत्तीसगढ़
Trending

बिलासपुर: कांग्रेस में टिकट बंटवारे को लेकर बवाल, पूर्व पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर किया विरोध, दीपक बैज पर उठाए गंभीर आरोप

बिलासपुर, 27 जनवरी 2025 नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस पार्टी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। प्रत्याशियों की घोषणा के बाद पार्टी के भीतर असंतोष खुलकर सामने आ गया है। सिटिंग और पूर्व पार्षदों को टिकट न दिए जाने से नाराज कार्यकर्ताओं ने आज सड़क पर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के अध्यक्ष दीपक बैज का पुतला फूंका और मुर्दाबाद के नारे लगाए।

पूर्व पार्षदों का आरोप: टिकट बंटवारे में अनदेखी
कांग्रेस के पूर्व पार्षद पंचराम सूर्यवंशी ने टिकट वितरण पर सवाल उठाते हुए कहा कि सिटिंग और पूर्व पार्षदों को दरकिनार कर बीजेपी और निर्दलीय पृष्ठभूमि के लोगों को टिकट दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और शहर अध्यक्ष विजय पांडेय ने लेन-देन कर टिकट बांटे हैं। सूर्यवंशी ने कहा, “ऐसे उम्मीदवारों को टिकट दिया गया है, जिनकी हार तय है। यह कांग्रेस को खत्म करने की साजिश है।”

पार्टी छोड़ने की चेतावनी
पूर्व पार्षदों और पदाधिकारियों ने पार्टी छोड़ने की चेतावनी दी है। उनका कहना है कि टिकट वितरण में निष्पक्षता नहीं बरती गई, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल गिरा है।

शेख अय्यूब ने प्रदेश अध्यक्ष पर साधा निशाना
कांग्रेस उपाध्यक्ष शेख अय्यूब ने प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज की आलोचना करते हुए कहा, “दीपक बैज के नेतृत्व में कांग्रेस पहले विधानसभा और लोकसभा चुनाव हार चुकी है। अब उन्होंने ऐसा टिकट वितरण किया है कि हम नगरीय निकाय चुनाव भी हार जाएंगे। उन्हें इस्तीफा देकर पीछे हट जाना चाहिए।”

पार्टी में बढ़ी खींचतान
नगरीय निकाय चुनाव के पहले कांग्रेस के भीतर इस तरह का असंतोष पार्टी के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकता है। नाराज कार्यकर्ताओं ने साफ कर दिया है कि यदि उनकी बात नहीं सुनी गई तो वे अन्य कदम उठाने को मजबूर होंगे।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button