छत्तीसगढ़
Trending

क्रेडा सीईओ राजेश सिंह राणा ने गरियाबंद के सौर संयंत्रों का किया औचक निरीक्षण

गरियाबंद, 18 जनवरी 2025| क्रेडा (छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण) के सीईओ राजेश सिंह राणा ने 17 जनवरी 2025 को गरियाबंद जिले के विभिन्न गांवों में भारत सरकार और राज्य सरकार की सौर ऊर्जा आधारित योजनाओं जैसे जल जीवन मिशन, सौर सुजला योजना और सोलर पावर प्लांट के अंतर्गत स्थापित सौर संयंत्रों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सीईओ ने फिंगेश्वर विकासखंड के ग्राम पथर्रा में स्थापित 2.4 किलोवॉट ऑफ-ग्रिड सोलर पावर प्लांट का दौरा किया। यहां स्कूल के प्राचार्य निधि ठाकुर ने बताया कि सौर संयंत्र से बिजली की निर्बाध आपूर्ति हो रही है, जिससे स्कूल में टीवी, लाइट और पंखे चलाए जा रहे हैं।

इसके बाद उन्होंने गरियाबंद विकासखंड के ग्राम बारूका और पंटोरा में सौर पेयजल संयंत्रों का निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने बताया कि संयंत्रों से पीने के लिए स्वच्छ पानी मिल रहा है। पंटोरा में एक लाभार्थी केसरी बाई कमार ने संयंत्र के लाभों की सराहना की और बताया कि पानी की उपलब्धता से उनकी रोजमर्रा की समस्याएं हल हो रही हैं।

गरियाबंद जिले के बिन्द्रानवागढ़ गांव में सौर सुजला योजना के तहत स्थापित 3 एचपी सौर पंप का निरीक्षण किया गया। हितग्राही हेमलाल सोरी ने बताया कि संयंत्र की मदद से वह साल में दो फसल ले पा रहे हैं।

मैनपुर के ग्राम गौरघाट में एक किसान जगदीश गुप्ता ने बताया कि उनके पास 12 एकड़ जमीन है, जिसमें 7 एकड़ पर पत्तागोभी और लौकी की खेती हो रही है। सोलर पंप की मदद से उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है।

ग्राम कोकाड़ी और कोनारी में ग्रामीण विद्युतीकरण योजना और जल जीवन मिशन के तहत स्थापित सौर संयंत्र भी कार्यशील पाए गए। ग्रामीणों ने संयंत्रों की क्षमता बढ़ाने और सुधार के लिए निवेदन किया।

अंत में मैनपुर के ढोलसरई गांव में किसान हीरा सिंह ने बताया कि सौर पंप से उन्हें 40,000 रुपये की अतिरिक्त आय हुई है।

सीईओ राणा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी सौर संयंत्रों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए और समस्याओं का समाधान तेजी से किया जाए। उन्होंने सौर समाधान ऐप के प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया, ताकि ग्रामीण अपनी शिकायतें आसानी से दर्ज करा सकें।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button