छत्तीसगढ़
Trending

क्रेडा सी.ई.ओ. ने बिलासपुर एवं मुंगेली जिले के अचानकमार वनांचल क्षेत्र के ग्रामों का किया औचक निरीक्षण: पीएम श्री योजना, जल जीवन मिशन, सौर सुजला योजना और पीएम जनमन योजनाओं की प्रगति का किया मूल्यांकन

बिलासपुर, 07 जनवरी 2025| क्रेडा के सी.ई.ओ. राजेश सिंह राणा ने 7 जनवरी 2025 को बिलासपुर और मुंगेली जिले के अचानकमार वन क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पीएम श्री योजना, जल जीवन मिशन, सौर सुजला योजना और पीएम जनमन योजनाओं के तहत स्थापित सौर संयंत्रों का मूल्यांकन किया।

सी.ई.ओ. ने सबसे पहले लोरमी विकासखंड के ग्राम बांधवा में क्रेडा की पंजीकृत इकाई मेसर्स साई कन्स्ट्रक्शन द्वारा स्थापित 2.4 किलोवॉट ऑफ-ग्रिड सोलर पावर प्लांट का निरीक्षण किया। इस संयंत्र के माध्यम से स्कूल में सभी टी.वी. यूनिट्स को संचालित किया जा रहा है, जिससे स्कूल को निर्बाध रूप से बिजली मिल रही है। स्कूल के प्राचार्य जितेन्द्र सिंह तनवर ने क्रेडा की योजनाओं की सराहना करते हुए सी.ई.ओ. का आभार व्यक्त किया।

इसके बाद, सी.ई.ओ. ने लोरमी विकासखंड के ग्राम चकड़ा में जल जीवन मिशन फेस-02 के तहत स्थापित सोलर पेयजल संयंत्र का निरीक्षण किया। यहां पर सोलर पंप कार्यशील पाया गया, लेकिन पाइपलाइन कार्यों में ढिलाई के कारण पानी घरों तक नहीं पहुंच पा रहा था। सी.ई.ओ. ने पी.एच.ई. विभाग से समन्वय कर पाइपलाइन कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

तत्पश्चात, सी.ई.ओ. ने लोरमी विकासखंड के ग्राम दुधवाडोंगरी में विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा परिवारों के घरों में पीएम जनमन योजना के तहत स्थापित सोलर होमलाइट संयंत्रों का निरीक्षण किया। यहां के 12 परिवारों को सौर ऊर्जा से बिजली मिल रही है, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार हुआ है। हितग्राहियों ने इस योजना के लिए मुख्यमंत्री और क्रेडा के सी.ई.ओ. का आभार व्यक्त किया।

सी.ई.ओ. ने मुंगेली जिले के ग्राम धनिया डोले में सौर सुजला योजना के तहत स्थापित 3 एच.पी. सबमर्सिबल सोलर पंप का भी निरीक्षण किया। हितग्राही हेमलाल ने बताया कि यह सौर पंप सुचारू रूप से कार्य कर रहा है, और उसने कृषि कार्यों में इसका उपयोग कर फसल चक्रण सुनिश्चित किया है। सी.ई.ओ. ने “सौर समाधान ऐप” के प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए।

इसके अलावा, सी.ई.ओ. ने तखतपुर विकासखंड के ग्राम नेवरा में जल जीवन मिशन फेस-02 के तहत स्थापित सोलर पेयजल संयंत्र का निरीक्षण किया, जो गांववासियों को पानी की आपूर्ति कर रहा है।

अंत में, राणा ने बिलासपुर जिले के ग्राम अमसेना में सौर सुजला योजना के तहत स्थापित 3 एच.पी. सबमर्सिबल सोलर पंप का निरीक्षण किया। हितग्राही बैसाखु कौशिक ने बताया कि इस पंप से उन्हें साल में दो फसलें मिल रही हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हुई है।

निरीक्षण के बाद, सी.ई.ओ. ने क्रेडा के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल जीवन मिशन, सौर सुजला योजना, सोलर हाई मास्ट संयंत्र, सोलर पॉवर प्लांट और अन्य परियोजनाओं के कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए समय पर पूरा किया जाए।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button