CG के बीजापुर में पत्रकार मुकेश चंद्राकर की निर्मम हत्या मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार: हत्या का कारण और साजिश का खुलासा, ठेकेदार सुरेश चंद्राकर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने की घेराबंदी

बीजापुर, 04 जनवरी 2025| छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 1 जनवरी 2025 को मुकेश चंद्राकर अपने घर से लापता हो गए थे, जिसकी रिपोर्ट उनके बड़े भाई युकेश चंद्राकर ने 2 जनवरी को कोतवाली थाना बीजापुर में दर्ज कराई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू की और जांच के दौरान ठेकेदार सुरेश चंद्राकर के बाड़े में एक सेप्टीक टैंक से मुकेश चंद्राकर का शव बरामद किया। शव पर लोहे के रॉड से हमला किए जाने के निशान थे, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि उन्हें बेरहमी से मारा गया था।
जांच में पता चला कि मुकेश चंद्राकर और आरोपी रितेश चंद्राकर के बीच पारिवारिक विवाद था। 1 जनवरी की रात को मुकेश और रितेश के बीच बहस हुई थी, जिसके बाद रितेश ने अपने सहयोगी महेन्द्र रामटेके के साथ मिलकर मुकेश पर हमला किया और उसकी हत्या कर दी। शव को ठिकाने लगाने के लिए उसे सेप्टीक टैंक में डाल दिया गया।
आरोपियों ने घटना के बाद सबूत नष्ट करने की साजिश रची और शव के आसपास के क्षेत्रों को प्लास्टर कर दिया। पुलिस ने रितेश, महेन्द्र और दिनेश चंद्राकर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि ठेकेदार सुरेश चंद्राकर की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमों को भेजा गया है।
साथ ही, पुलिस ने ठेकेदार सुरेश चंद्राकर के बैंक खातों की जांच शुरू की और उनके द्वारा अवैध निर्माण कार्यों से जुड़ी जानकारी जुटाई है। पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज ने स्पष्ट किया है कि इस हत्या के मामले में शामिल सभी आरोपियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी और जल्द ही न्यायालय में आरोप पत्र पेश किया जाएगा।



