रायपुर में ऑटो चालक पर हमला करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, चाकू से की थी प्राणघातक हमला

रायपुर, 31 दिसंबर 2024| टाटीबंध में एक ऑटो चालक पर हमला करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। घटना 30 दिसंबर 2024 की रात को हुई, जब धीरज सिंह राजपूत, जो रिंग रोड नं 02 पर आटो चला रहा था, को अज्ञात व्यक्तियों ने चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसे इलाज के लिए एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
प्रार्थी नीरज सिंह राजपूत द्वारा थाना आमानाका में रिपोर्ट दर्ज कराई गई, जिसमें बताया गया कि उनके छोटे भाई धीरज को किसी ने चाकू से हमला कर घायल कर दिया। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना आमानाका और थाना खमतराई पुलिस की विशेष टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। मुखबिर और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी की पहचान सिविल लाइन निवासी दिनेश सोनी के रूप में की गई, जो पहले भी आपराधिक मामले में शामिल रहा था।
दिनेश सोनी ने अपनी गिरफ्तारी के बाद अपने दो साथियों योगेश यादव और के जसवंत राव के साथ मिलकर चाकू से धीरज पर हमला करने की बात कबूल की। आरोपी ने बताया कि यह हमला एक तात्कालिक विवाद के कारण हुआ था। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया और घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
- दिनेश सोनी (29 साल), निवासी राजातालाब नूरानी चौक, सिविल लाइन रायपुर
- योगेश यादव (18 साल), निवासी विजय नगर भनपुरी, खमतराई रायपुर
- के जसवंत राव,(18 साल ) भनपुरी रायपुर



