
भोपाल : रविवार, जुलाई 23, 2023। शहर के अशोका गार्डन इलाके में स्थित ग्राम सेमरा में रहने वाले युवक ने बीती दोपहर अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। हादसे के समय युवक घर पर अकेला था। शुरुआती जॉच में फिलहाल आत्महत्या के सही कारणो का खुलासा नहीं हो सका है, लेकिन उसके बेरोजगारी से तनाव में रहने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार मूल रुप से बेगमगंज रायसेन का रहने वाला 18 वर्षीय अनुराग धाकड़ पिता राकेश धाकड़ सेमरा में माता-पिता और बड़े भाई के साथ रह रहा था। उसके माता पिता मजदूरी करते हैं, वहीं बड़ा भाई विकास ग्रेजुएशन करने के साथ ही सब्जी का ठेला लगाता है। अनुराग पहले एक मॉल में नौकरी करता था, लेकिन नौकरी जाने के बाद वो एक महीने से बेरोजगार चल रहा था, और दिन के समय भाई के पास जाकर सब्जी का ठेला सभांलता था। सुबह के समय उसके माता-पिता काम पर चले गए और भाई सब्जी का ठेला लेकर निकल गया। दोपहर को अनुराग को भाई के पास सब्जी की दुकान पर जाना था, लेकिन जब वह काफी देर बाद तक नहीं आया तब विकास ने उसे फोन किया, कई बार कॉल करने के बाद भी अनुराग ने फोन रीसिव नहीं किया और न ही वापस कॉल लगाया। परेशान होकर भाई विकास ने मकान मालिक को फोन लगाकर अनुराग से बात कराने को कहा। मकान मालिक सुरेश प्रसाद जब अनुराग को देखने कमरे पर गये तो कमरे का दरवाजा भीतर से बंद मिला। उन्होनें भी काफी आवाजे दी लेकिर दरवाजा नहीं खुला और न ही भीतर से अनुराग ने कोई जवाब दिया। बाद में जब मकान मालिक ने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो उसे अनुराग का शरीर पंखा के कुंदे पर बने चादर के फंदे पर लटका नजर आया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तुड़वाकर घटनास्थल की जॉच के बाद शव को पीएम के लिये भेजा। जहॉ से बाद में शव परिजनो को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल पुलिस ने मृतक का मोबाइल जब्त कर उसकी सीडीआर निकलवा रही है। मृतक के एक रिश्तेदार ने पुलिस को बताया की मॉल की नौकरी को छोड़ने के बाद बेरोजगार चल रहा अनुराग तनाव में रहने लगा था। वहीं उसकी एक महिला मित्र से भी फोन पर बातचीत होती थी। अधिकारियो का कहना है कि मौत के सही कारणों का खुलासा जॉच पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेगा, जिसके आधार पर आगे की कार्यवाही की जायेगी।



