चोरी की गाडियों के फर्जी दस्तावेज तैयार कर ओएलएक्स के जरिये बेचने वाले गिरोह का मास्टरमांइड इंदौर से गिरफ्तार

भोपाल : बुधवार, जुलाई 19, 2023। क्राइम ब्रांच भोपाल ने चोरी की गाडियों के फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसे बेचने वाले गिरोह के सरगना को इंदौर से गिरफ्तार करते हुए चोरी की एक वरना कार भी जप्त की है। उसने पुरानी चाबी से कार चोरी की थी, और उसे इंदौर में बेचकर मोटी रकम लेने वाला था। पकड़ा गया आरोपी फर्जी आधार कार्ड व पेन कार्ड बनाकर ओएलएक्स के जरिये बडे पैमाने पर गाड़ियों को बेचने का काम करता था। क्राइम ब्रांच पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार टीम को भोपाल से वाहन चोरी के एक मामले में सूचना मिली की थाना गौतम नगर इलाके से चोरी गई एक वरना कार को इंदौर में बेचा गया है। इसके आधार पर क्राईम ब्रांच ओर थाना गौतम नगर की सयुंक्त टीम इंदौर पहुंची और चोरी गई कार नंबर एमपी-04 सीएक्स 1439 सहित एक संदेही को घेराबंदी कर पकड़ लिया। उसकी पहचान हसन आजम उर्फ राजा पिता जाकिर आजम (25) निवासी हारुन कालोनी खजराना इंदौर के रुप में हुई। पूछताछ में उसने बताया कि वो गाडी-खरीदने व बैचने का काम करता है और करीब 6 महीने पहले इंदौर के ही रहने वाले दानिश नामक युवक ने भोपाल से एक वरना कार चोरी कर बेचने के उसे दी थी। हसन ने आमिर नाम से कार के फर्जी विक्रय अनुबंध पत्र तैयार किये और उसे बेचने के लिये ओएलएक्स पर ऐड डाला था। ओएलएक्स पर ऐड देखने के बाद उसके पास गाडी खरीदने के लिये मैसेज आया। आरोपी ने उसे अपना नम्बर दिया और कार दिखाने के लिये रीगल चौराहे पर बुलाया। रीगल चौराहे पर एयरपोर्ट रोड इंदौर निवासी शान्तनु सामंत कार देखने आया। आरोपी ने उसे अपना नाम धर्मेन्द्र नामदेव बताते हुए कार दिखाई। अगले दिन आरोपी ने शान्तनु को फोन कर रीगल चौराहे पर बुलाया और साढ़े छह लाख में का का सौदा तय होने पर स्टाप पेपर पर विक्रय अनुबंध पत्र आमिर व शान्तनु के बीच बनवा दिया। उस एग्रीमेंट पर आरोपी हसन ने गवाह के तौर पर अपना नाम फर्जी नाम धर्मेन्द्र नामदेव बताकर साइन किये थे। रकम लेने के बाद आरोपी ने कार शान्तनु को दे दी। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर फर्जी ढंग से बेची गई कार को जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आगे की कार्यवाही के लिये आरोपी को गौतम नगर थाना पुलिस को सौंपा गया है। मामले में पुलिस पकड़े गये आरोपी के फरार साथी आमिर की तलाश कर रही है।



