अंबेडकर अस्पताल के डॉक्टर्स ने किया डांस:एक्सपर्ट बोले- हर रोज रनिंग से शरीर को मिलेंगे 6 बड़े फायदे,दी तम्बाखू से दूर रहने की सलाह

रायपुर

हर रोज रनिंग से आप न सिर्फ खुद को स्वस्थ्य रख सकते हैं, बल्कि मन का तनाव दूर होगा, अच्छी नींद आएगी और आपके काम करने की क्षमता बढ़ेगी। ये जानकारी दी प्रदेश के डॉक्टर्स ने। शुक्रवार को विश्व स्वास्थ्य दिवस (WHO Day) के अवसर पर प्रदेश के जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (जुडो) ने पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज से मरीन ड्राइव तक रन फ़ॉर हेल्थ और तंबाकू फ्री इंडिया का मैसेज देते हुए कार्यक्रम आयोजित किया।

डॉक्टर्स ने यंगस्टर्स के साथ किया डांस।
अंबेडकर अस्पताल के सीनियर और जूनियर डॉक्टर्स एक साथ डांस करते और जुंबा करते दिखाई दिए। अंग्रेजी बीट़्स पर डॉक्टर्स का अनोखा अंदाज दिखा। सभी ने एक्सरसाइज के साथ मिक्स डांस स्टेप्स किए। प्रेजिडेंट डॉ प्रेम चौधरी ने बताया कि जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन समय-समय पर लोगों को जागरुक कर इस तरह के आयोजन करता है। तेलीबांधा तालाब पर युवाओं को इस दौरान जुंबा डांस के जरिए फिटनेस टिप्स भी दी गई।
स्वास्थ्य और तम्बाखू के नुकसान के बारे में जानकारी इस कार्यक्रम में दी गई।
इस अवसर पर मेकाहारा के अधीक्षक डॉ एसबीएस नेताम ने जुडो के इस पहल की सराहना की। उन्होंने बताया कि आजकल लोग इस भागदौड़ भरी जिंदगी में इतना व्यस्त हो जाते है कि अपने शरीर पर ध्यान देना ही भूल जाते हैं। जबकि एक मनुष्य को शारीरिक एक्टिविटी करना बहुत ज्यादा जरूरी है। लोग तम्बाखू का सेवन करते है जो कि अपने साथ दर्जनों बीमारियों को लेकर हमारे शरीर पर हमला करता है। यहां तक की लोगों की मौत का कारण बनता है।
हेल्थ फाॅर आल थीम
प्रोफेसर डॉ अरविंद नेरल ने बताया कि साल 2023 में वर्ल्ड हेल्थ डे की थीम है ‘हेल्थ फॉर ऑल’ है। डब्ल्यूएचओ की थीम से ही जाहिर होता है कि सेहत एक बुनियादी जरूरत है और हर किसी को ये बिना किसी कठिनाई के मिलना चाहिए। डबल्यूएचओ का मकसद है कि इस थीम के साथ लोगों तक अच्छी सेहत सुविधाएं पहुंचे।

बड़ी तादाद में गर्ल्स ने पार्टिसिपेट किया।
क्यों फायदेमंद है दौड़ना
अस्पताल के रेडियोलॉजिस्ट प्रोफेसर डॉ विवेक पात्रे ने बताया कि संपूर्ण मानसिक स्वास्थ्य के लिए दौड़ना अहम है। वो इस तरह से क्याेंकि दौड़ते समय शरीर में एंड्रोफिन जैसे रसायन उत्पन्न होते हैं, जिनसे खुशी का अहसास होता है और हम खुद के बारे में अच्छा महसूस करते हैं। अस्थमा का असर कम होता है तथा उच्च रक्तचाप नियंत्रित रहता है।
92 प्रतिशत लोगों को स्मोकिंग के नुकसान की जानकारी है
कम्युनिटी मेडिसिन के प्रोफेसर तथा तंबाकू नियंत्रण समिति के नोडल अधिकारी डॉ कमलेश जैन ने बताया कि धूम्रपान नुकसानदायक है- हर कोई जानता है। फिर भी, 2021-22 के दौरान भारत में किए गए ग्लोबल एडल्ट तम्बाकू सर्वेक्षण के अनुसार लगभग 25% भारतीय पुरुष और 4% भारतीय महिलाएं धूम्रपान करती हैं। सर्वेक्षण के अनुसार, 92% वयस्कों को यह पता होता है कि धूम्रपान कई गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है।
जानिए हर रोज रनिंग के फायदे
- प्रोडक्टिविटि में होगा सुधार
यह पता चला है कि सुबह की दौड़ आपको पूरे दिन की प्रोडक्टिविटी बढ़ाने में मदद करती है। ऐसा इसलिए है क्योंकि व्यायाम आपको मानसिक और शारीरिक दोनों तरह की रिफ्रेश कर देता है। यह न केवल आपकी सतर्कता बढ़ाता है बल्कि आपको सही समय पर बिस्तर से बाहर निकलने में भी मदद करता है। इससे आप बाकि के काम बखूबी कर पाते हैं।
- दिल की सेहत में करता सुधार
हृदय रोग के जोखिम को लगभग आधे से कम करना चाहते हैं? हर दिन पांच मिनट की दौड़ आपके और हृदय रोग के जोखिम को कम कर सकती है। रोजाना कम से कम आधा घंटा दौड़ने से दिल की सेहत में सुधार हो सकता है। क्योंकि यह आपके हार्ट को अधिक क्रियाशील बनाता है और ब्लड सर्कुलेशन को बेहतर बनाता है।

पूरी बॉडी के लिए रनिंग को फायदेमंद बताया गया है।
- मेटाबोलिज्म को बढ़ाती है रनिंग
मेटाबॉलिज्म को शरीर द्वारा ऊर्जा के स्रोत के रूप में सेवन किया जा सकता है, या इसे वसा के रूप में संग्रहीत किया जा सकता है। आप नहीं चाहते कि आपका शरीर वसा का भंडारण करे, इसलिए रोजाना दौड़ने से आपका मेटाबॉलिज्म तेज हो सकता है।
- बेहतर होता है जोड़ों का स्वास्थ्य
रनिंग जोड़ों की मांसपेशियों को चुस्त रखने का कारगर तरीका है, हालांकि यदि पहले से जोड़ों में दर्द हो तो डॉक्टर की सलाह पर ही रनिंग करें।
- मानसिक स्वास्थ्य में सुधार
दौड़ने से आपके मानसिक स्वास्थ्य पर बहुत सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। आप सुबह की दौड़ के दौरान ताजी हवा महसूस करते हैं। सूर्य उदय देखते हैं ये मानसिक रूप से सकारात्मक असर पैदा करता है।
- बेहतर नींद लाने में मददगार
अगर आप उन लोगों में से एक हैं जो सोने से पहले लंबे समय तक करवटें बदलते रहते हैं तो आपको दौड़ने पर विचार करने की आवश्यकता है। अध्ययनों से पता चलता है कि जो लोग सुबह रनिंग करे हैं उन्हें अच्छी नींद आती है।