छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में मौसम साफ होते ही बढ़ी ठंड: 13 जिलों में पारा 15° से नीचे, पेंड्रा में सुबह छाने लगा कोहरा

रायपुर, 27 नवंबर। छत्तीसगढ़ में मौसम साफ होने के साथ ही ठंड का असर तेजी से बढ़ने लगा है। प्रदेश के उत्तरी हिस्से में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बलरामपुर-रामानुजगंज में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं सूरजपुर में पारा 9.4 डिग्री और सरगुजा में 9.2 डिग्री तक पहुंच गया है।

मौसम में आए इस बदलाव का असर प्रदेश के मैदानी इलाकों में भी दिखाई देने लगा है। वर्तमान में छत्तीसगढ़ के 13 जिलों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। सूरजपुर में तापमान सामान्य से 7.1 डिग्री कम रहा। इसी तरह बालोद में पारा सामान्य से 6.6 डिग्री और बेमेतरा में 6.5 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।

रात में बढ़ी ठंड, दिन में धूप से राहत

मौसम साफ होने के कारण रात के तापमान में गिरावट आई है और सुबह-शाम ठिठुरन बढ़ गई है। पेंड्रा सहित कई इलाकों में सुबह के समय कोहरा भी छाने लगा है। हालांकि दिन में धूप निकलने के कारण अधिकतम तापमान में फिलहाल ज्यादा गिरावट नहीं हुई है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन जरूर सक्रिय है, लेकिन इसका छत्तीसगढ़ के मौसम पर कोई खास प्रभाव नहीं पड़ रहा है। प्रदेश के लिए फिलहाल कोई मौसम अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

रायपुर में 15 डिग्री तक गिर सकता है पारा

राजधानी रायपुर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री कम, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक रहा।

आज रायपुर में मौसम साफ रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

उत्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ के तापमान में 12 डिग्री का अंतर

प्रदेश के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों के मौसम में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है। उत्तर छत्तीसगढ़ के बलरामपुर में जहां न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री तक पहुंच गया है, वहीं बस्तर संभाग के जिलों में रात का तापमान 19 से 21 डिग्री के बीच बना हुआ है।

सुकमा में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री दर्ज किया गया। इस तरह बलरामपुर और सुकमा के न्यूनतम तापमान में करीब 12.2 डिग्री सेल्सियस का अंतर है।

रायपुर में सूर्योदय और सूर्यास्त का समय

  • सूर्योदय: सुबह 6:22 बजे
  • सूर्यास्त: शाम 5:22 बजे
  • चंद्रोदय: रात 8:13 बजे
  • चंद्रास्त: सुबह 9:11 बजे

प्रदेश में मौसम शुष्क रहने के बीच आने वाले दिनों में रात की ठंड का असर बना रह सकता है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button