छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में 4 IAS अफसरों का प्रमोशन: सुबोध सिंह और निहारिका बारिक बने ACS, रोहित यादव- कमलप्रीत पहुंचे प्रमुख सचिव पद पर

रायपुर, 19 नवंबर। छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए राज्य सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के चार वरिष्ठ अधिकारियों को पदोन्नति दी है। गुरुवार को सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी किए। इसके तहत सुबोध कुमार सिंह और निहारिका बारिक को अपर मुख्य सचिव (ACS) के पद पर पदोन्नत किया गया है। वहीं डॉ. रोहित यादव और डॉ. कमलप्रीत सिंह को प्रमुख सचिव के पद पर पदोन्नति मिली है।

जारी आदेश के अनुसार, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह को पदोन्नत कर मुख्यमंत्री का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। वहीं गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक को इसी विभाग का अपर मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है।

सुबोध कुमार सिंह पहुंचे अपर मुख्य सचिव के पद पर

सुबोध कुमार सिंह छत्तीसगढ़ कैडर के वरिष्ठ IAS अधिकारी हैं। उन्होंने आईआईटी रुड़की से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीई और एमई की डिग्री हासिल की है। इसके अलावा उन्होंने इग्नू से एमबीए भी किया है। अपने प्रशासनिक करियर की शुरुआत उन्होंने मंडला में असिस्टेंट कलेक्टर और कोरिया में एसडीओ के रूप में की थी।

वे रायगढ़, बिलासपुर और रायपुर के कलेक्टर रह चुके हैं। रायगढ़ में रोजगार गारंटी योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए उन्हें केंद्र सरकार से नेशनल स्पेशल अवॉर्ड भी मिला था। उन्होंने मुख्यमंत्री सचिवालय, नागरिक आपूर्ति निगम, मार्कफेड, गृह निर्माण मंडल और बिजली कंपनी सहित कई महत्वपूर्ण संस्थानों में जिम्मेदारी निभाई है।

केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के दौरान उन्होंने खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय और इस्पात मंत्रालय में महत्वपूर्ण पदों पर काम किया। वे नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के महानिदेशक भी रह चुके हैं। दिसंबर 2024 में छत्तीसगढ़ लौटने के बाद उन्हें मुख्यमंत्री का प्रमुख सचिव बनाया गया था।

निहारिका बारिक बनीं अपर मुख्य सचिव

निहारिका बारिक सिंह 1997 बैच की छत्तीसगढ़ कैडर की IAS अधिकारी हैं। मई 2026 में उन्हें राज्य की पहली महिला गृह सचिव बनने का गौरव मिला था। उन्होंने समाजशास्त्र में एमए और एमफिल की पढ़ाई की है।

अपने प्रशासनिक करियर में वे महासमुंद की कलेक्टर, बिलासपुर संभाग की कमिश्नर और दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ भवन की रेजिडेंट कमिश्नर रह चुकी हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य, परिवार कल्याण, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं।

केंद्र में प्रतिनियुक्ति के दौरान उन्होंने वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों के विभाग और खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग में सेवाएं दीं। जनवरी 2024 से मई 2026 तक वे पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की प्रमुख सचिव भी रहीं।

डॉ. रोहित यादव और डॉ. कमलप्रीत सिंह को प्रमुख सचिव की जिम्मेदारी

राज्य सरकार ने वर्ष 2002 बैच के IAS अधिकारी डॉ. रोहित यादव और डॉ. कमलप्रीत सिंह को भी प्रमुख सचिव वेतनमान में पदोन्नत किया है।

डॉ. रोहित यादव वर्तमान में वित्त विभाग के सचिव हैं। वे सरगुजा और रायपुर जिले के कलेक्टर रह चुके हैं। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में संयुक्त सचिव के रूप में भी काम किया। इसके अलावा ऊर्जा, पर्यटन, संस्कृति और जनसंपर्क विभागों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं।

वहीं डॉ. कमलप्रीत सिंह वर्तमान में स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव हैं। वे रायपुर नगर निगम आयुक्त, कोरिया और सरगुजा के कलेक्टर सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर काम कर चुके हैं। उन्होंने स्वास्थ्य, वित्त, आबकारी, खाद्य, परिवहन, कृषि और लोक निर्माण विभाग में भी सेवाएं दी हैं।

सरकार के आदेश के अनुसार, सभी अधिकारियों की पदोन्नति कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगी। उन्हें आगामी आदेश तक नई पदस्थापना दी गई है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button