कांकेर में अस्पताल पर भीड़ का हमला: बच्चे की मौत के बाद CCTV, कंप्यूटर और फर्नीचर तोड़े; 14 गिरफ्तार

कांकेर, 19 नवंबर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में बच्चे की मौत के बाद अस्पताल में जमकर हंगामा और तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पखांजूर थाना क्षेत्र के कापसी स्थित श्रीरामचंद्र अस्पताल में घुसकर तोड़फोड़ करने, कर्मचारियों से गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने 14 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे, कंप्यूटर, लैपटॉप, टीवी, एसी और फर्नीचर समेत कई सामानों को क्षतिग्रस्त कर दिया था।
पुलिस के मुताबिक, घटना 27 मई 2026 की सुबह करीब 8 बजे की है। अस्पताल में एक बच्चे की मौत के बाद आसपास के गांवों के कुछ लोग एकजुट होकर अस्पताल पहुंच गए। आरोप है कि भीड़ ने जबरन अस्पताल परिसर में प्रवेश किया और वहां जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान अस्पताल कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की गई और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई।
तोड़फोड़ के दौरान अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे, दरवाजे, खिड़कियां, कांच, टेबल-कुर्सियां, कंप्यूटर, लैपटॉप, एलईडी टीवी, एसी, कूलर और अन्य फर्नीचर को नुकसान पहुंचाया गया।
जून में दर्ज हुई थी शिकायत
अस्पताल से जुड़े सुनील हलदार निवासी कापसी ने 14 जून 2026 को पखांजूर थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 127(2), 324(5), 333, 190 और 191(2) के साथ छत्तीसगढ़ चिकित्सा सेवा संस्थान (हिंसा तथा संपत्ति को क्षति व हानि) अधिनियम, 2016 की धारा 3 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुर्रे के मार्गदर्शन में आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की गई थी। एसडीओपी पखांजूर कुलदीप बंजारे के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक तेज कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने संदेहियों से पूछताछ की। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर 19 नवंबर 2026 को 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी अजीत सरकार की निशानदेही पर तोड़फोड़ में इस्तेमाल किया गया बांस का डंडा और पत्थर भी जब्त किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में अजीत सरकार (28), समीर दास (39), किशोर राजवंशी (21), बप्पी मजूमदार (31), सोनातन उर्फ सनातन सरदार (28), संजीव कुमार मंडल (44), राजेश पाल (29), निर्मल चकवर्ती (33), सुमित समद्दार (31), विकास केशवानी (24), रमेन्द्र उर्फ रमेन मौलिक (39), नेपाल हलदार (53), कल्पना हलदार (47) और अर्जुन उर्फ अरजन हलदार (26) शामिल हैं। सभी आरोपी पखांजूर थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के निवासी बताए गए हैं।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पखांजूर निरीक्षक तेज कुमार वर्मा, थाना प्रभारी गोण्डाहूर निरीक्षक योगेश सोनी, थाना प्रभारी बड़गांव निरीक्षक अनिल पालेश्वर, PSI अमिना, ASI वेदन सलामे, पुरुषोत्तम ठाकुर और बिन्दुलता देवांगन सहित पखांजूर थाना और DRG बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी घटना या विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें। शिकायतों के समाधान के लिए कानूनी प्रक्रिया अपनाएं और पुलिस का सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की सूचना कांकेर पुलिस हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर दी जा सकती है। पुलिस ने सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखने की बात कही है।



