छत्तीसगढ़
Trending

गांव के स्कूलों में बच्चे सीख रहे AI और रोबोटिक्स: भावना बोहरा की पहल से 1300 से ज्यादा विद्यार्थियों को मिला आधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण

कवर्धा, 18 नवंबर 2026। ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा और तकनीकी ज्ञान से जोड़ने के लिए संचालित ‘भावना दीदी की साइंस पाठशाला’ में बच्चे अब रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और ड्रोन जैसी आधुनिक तकनीक सीख रहे हैं। पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने ग्राम गुढ़ा के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों से मुलाकात कर उनके अनुभव और भविष्य के सपनों के बारे में जाना।

16 से 20 नवंबर तक आयोजित इस कार्यशाला में विधायक ने बच्चों से तकनीकी गतिविधियों और प्रशिक्षण के अनुभवों पर चर्चा की। आधुनिक तकनीक सीखने के प्रति विद्यार्थियों का उत्साह और जिज्ञासा देखकर उन्होंने खुशी जताई और उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए गए।

विधायक भावना बोहरा ने बताया कि भावना दीदी की साइंस पाठशाला के माध्यम से अब तक 1300 से अधिक बच्चों को भविष्य की तकनीकों से जुड़ने, उनका व्यावहारिक अनुभव लेने और ड्रोन उड़ाने का अवसर मिल चुका है।

उन्होंने कहा कि आज का दौर विज्ञान, तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का है। आने वाले समय में आधुनिक तकनीकी ज्ञान और नवाचार की सोच बेहद जरूरी होगी। हमारा संकल्प है कि पंडरिया विधानसभा का कोई भी बच्चा, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थी, आधुनिक शिक्षा और तकनीकी अवसरों से वंचित न रहें।

बच्चों को किताबी ज्ञान तक सीमित रखना उद्देश्य नहीं

भावना बोहरा ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य बच्चों को केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि प्रयोग, नवाचार और व्यावहारिक अनुभव के जरिए भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें सही मार्गदर्शन, आधुनिक संसाधन और बेहतर अवसर देने की है। गांव का बच्चा भी रोबोटिक्स और AI सीखकर अपने सपनों को साकार कर सके, इसी सोच के साथ साइंस पाठशाला शुरू की गई है।

इस पाठशाला के माध्यम से पंडरिया विधानसभा के शासकीय विद्यालयों और सरस्वती शिशु मंदिरों के विद्यार्थियों को रोबोटिक्स, AI, ड्रोन, एयरोस्पेस टेक्नोलॉजी, STEM, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) और AR/VR जैसी आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इससे बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता और आत्मविश्वास विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।

खाद गोदाम निर्माण का भूमिपूजन भी किया

कार्यक्रम के दौरान विधायक भावना बोहरा ने ग्राम गुढ़ा में नवीन खाद गोदाम निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया। उन्होंने कहा कि गोदाम बनने से खाद के व्यवस्थित भंडारण और वितरण व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इससे क्षेत्र के किसानों को सुविधा होगी।

शिक्षा के लिए अन्य योजनाएं भी संचालित

विधायक ने बताया कि क्षेत्र की छात्राओं के लिए 10 निःशुल्क बसों का संचालन किया जा रहा है, जिससे उन्हें कॉलेज आने-जाने में सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल रही है। वहीं, लक्ष्य निःशुल्क कोचिंग के माध्यम से युवाओं को IIT-JEE, NEET और CGPSC जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए गांव के करीब ही मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने विश्वास जताया कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी भी भविष्य में वैज्ञानिक, इंजीनियर और तकनीकी विशेषज्ञ बनकर देश का नाम रोशन करेंगे।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष खिलेश्वर साहू, मंडल महामंत्री मनोज बंजारे और राजू चंद्रवंशी, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष उमेश्वर साहू सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button