
रायपुर, 14 नवंबर। महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई की है। सीबीआई की टीमों ने देश के 6 राज्यों में 33 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म के पैनल ऑपरेटरों के ठिकानों पर की गई। छत्तीसगढ़ के रायपुर और दुर्ग में भी सीबीआई ने दबिश दी।
सीबीआई के मुताबिक, यह कार्रवाई ओमान से प्रत्यर्पित किए गए महादेव सट्टा ऐप के मुख्य आरोपी और प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान मिली जानकारियों के आधार पर की गई है। छापेमारी के दायरे में अमृतसर, दिल्ली, नागौर, धौलपुर, भोपाल, रायपुर, दुर्ग, इंदौर, अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, मुंबई और नागपुर सहित कई शहर शामिल रहे।
कई जगहों पर चल रहे थे ऑनलाइन सट्टेबाजी के पैनल
छापेमारी के दौरान जांच एजेंसी को कई स्थानों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए के पैनल संचालित होते मिले। सीबीआई ने मौके पर कार्रवाई करते हुए इन पैनलों को बंद कराया। इसके अलावा टीमों ने बड़ी संख्या में डिजिटल डिवाइस, मोबाइल फोन और आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए हैं।
जांच में सामने आए दस्तावेजों से म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क के जरिए पैसों के लेन-देन से जुड़े अहम सबूत मिले हैं। जांच एजेंसी को संदेह है कि सट्टेबाजी से मिलने वाली रकम को अलग-अलग बैंक खातों के माध्यम से इकट्ठा कर हवाला के जरिए विदेश भेजा जाता था।
विदेश से होता था ऐप का संचालन
जांच में पता चला है कि महादेव ऐप का मुख्य संचालन विदेश में स्थित मुख्यालय से किया जाता था, जबकि भारत में पैनल ऑपरेटरों का बड़ा नेटवर्क फैला हुआ था। ये ऑपरेटर ग्राहकों की आईडी संभालने, सट्टेबाजी की रकम जमा कराने और दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए या किराए पर लिए गए बैंक खातों का इस्तेमाल करने का काम करते थे।
इसके बाद सट्टेबाजी से होने वाले मुनाफे को हवाला नेटवर्क के जरिए विदेश भेजा जाता था। सीबीआई अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका खंगाल रही है।
19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में सौरभ चंद्राकर
गौरतलब है कि महादेव सट्टा ऐप के प्रमुख प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित किए जाने के बाद 1 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया था। रायपुर की विशेष सीबीआई अदालत ने उसे आठ दिन की पुलिस हिरासत में भेजा था।
12 नवंबर को पुलिस हिरासत समाप्त होने के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पूछताछ में ऐप के संचालन और भारत में फैले पैनल ऑपरेटरों के नेटवर्क से संबंधित कई अहम जानकारियां सामने आई हैं।
अन्य आरोपियों और सरकारी कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में
सीबीआई अब विदेशों में मौजूद अन्य आरोपियों, नेटवर्क को संचालित करने में मदद करने वाले लोगों और संबंधित सरकारी कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। मामले में फरार आरोपियों को भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया भी जारी है।
जांच एजेंसी ने आम लोगों को चेतावनी दी है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुआ गैरकानूनी गतिविधियां हैं। किसी भी व्यक्ति को अपना बैंक खाता, सिम कार्ड या पहचान संबंधी दस्तावेज दूसरों को इस्तेमाल करने या किराए पर देने से बचना चाहिए। ऐसा करने वालों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई हो सकती है।



