छत्तीसगढ़

कोरबा से बिलासपुर जा रही बस में अचानक भड़की आग : 15 मिनट तक सुलगता रहा गियर बॉक्स, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

कटघोरा, 11 नवंबर। कोरबा जिले में चलती यात्री बस में अचानक आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। बस के गियर बॉक्स में आग लगने के बाद केबिन में धुएं का गुबार भर गया, जिससे यात्रियों के बीच चीख-पुकार शुरू हो गई। हालांकि, चालक की सूझबूझ और तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। बस में सवार करीब 20 से 25 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार, यादव बस कोरबा से बिलासपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान कटघोरा तहसील चौक के पास अचानक बस के गियर बॉक्स में आग लग गई। देखते ही देखते बस के केबिन में धुआं भरने लगा। खतरे को भांपते हुए चालक ने तत्काल बस रोक दी और सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार लिया।

बताया जा रहा है कि बस का गियर बॉक्स करीब 15 मिनट तक सुलगता रहा। मौके पर मौजूद लोगों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। यात्रियों को दूसरी बस के जरिए उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।

इस घटना के कारण कुछ देर तक सड़क पर वाहनों की कतार लग गई। हालांकि, सभी यात्रियों के सुरक्षित बाहर निकलने से लोगों ने राहत की सांस ली। चालक की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button