छत्तीसगढ़

राज्योत्सव में छाई जनसम्पर्क विभाग की प्रदर्शनी: 26 साल के विकास की दिखाई तस्वीर, रोबोट के साथ सेल्फी लेने उमड़े बच्चे और युवा

रायपुर, 1 नवम्बर 2026। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 में जनसम्पर्क विभाग द्वारा राज्योत्सव मैदान, नवा रायपुर अटल नगर में लगाई गई शासकीय योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित फोटो प्रदर्शनी जनसामान्य के आकर्षण का केन्द्र बनी हुई है। नव निर्माण के 26 वर्ष एवं विकास पथ पर अग्रसर छत्तीसगढ़ की थीम पर आधारित इस प्रदर्शनी में प्रदेश की विकास यात्रा को आकर्षक झांकी के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।

प्रदर्शनी में सुशासन से समृद्धि, निवेश से औद्योगिक प्रगति, समृद्ध संस्कृति और परिवर्तन का गढ़ जैसे विषयों के तहत विभिन्न जानकारियां प्रदर्शित की गई हैं। इसमें बताया गया है कि दशकों तक नक्सलवाद से प्रभावित रहे बस्तर की तस्वीर अब बदल रही है। बंदूक की गूंज और बारूद के धमाकों की जगह विकास और खुशहाली की नई तस्वीर उभर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रणनीति एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में नक्सल प्रभावित बस्तर में आए बदलाव और विकास की गाथा को एलईडी स्क्रीन के माध्यम से दिखाया गया।

प्रदर्शनी में युवाओं, बच्चों, महिलाओं और किसानों सहित सभी वर्गों के लोगों ने पहुंचकर शासन की विभिन्न योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ जनमन किताब और योजनाओं पर आधारित ब्रोशर का निःशुल्क वितरण भी किया गया। वहीं, चलित मनोरंजक रोबोट बच्चों और युवाओं के आकर्षण का विशेष केन्द्र रहा। आदिवासी संस्कृति को अभिव्यक्त करते रोबोट के साथ बच्चों ने हाथ मिलाए और तस्वीरें खिंचवाईं।

डिजिटल एलईडी बच्चों के लिए बेहद उपयोगी : रीतिका

राज्योत्सव मैदान में जनसम्पर्क विभाग द्वारा स्थापित डिजिटल एलईडी एवं ई-कॉर्नर में पहले दिन से ही आगंतुकों की भीड़ उमड़ रही है। रायपुर निवासी रीतिका साहू अपने 7 वर्षीय बेटे वीरांश के साथ डिजिटल स्टॉल देखने पहुंचीं। उन्होंने बताया कि डिजिटल एलईडी स्क्रीन उन्हें और उनके बेटे को काफी पसंद आई। यहां छत्तीसगढ़ से संबंधित सामान्य ज्ञान क्विज भी बच्चों के लिए बेहद उपयोगी है। इससे बच्चे प्रदेश की संस्कृति, सभ्यता और विशेषताओं के बारे में जानकारी हासिल कर सकेंगे।

उन्होंने रोबोट की भी सराहना की और अपने बेटे के साथ तस्वीर खिंचवाई। इसी तरह रायपुर के सुलभ सौरभ, अनिल रामटेके और ग्राम परसदा (राजिम) से आए टिकेश्वर निषाद ने भी डिजिटल प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने आधुनिक तकनीक के माध्यम से शासन की विभिन्न योजनाओं के प्रचार-प्रसार की सराहना की। आगंतुकों ने ई-कॉर्नर में सुशासन से समृद्धि पर आधारित प्रदर्शनी को प्रदेश के विकास का आईना बताया।

सुशासन से समृद्धि और औद्योगिक प्रगति की जानकारी

प्रदर्शनी में शासन की उपलब्धियों के तहत बताया गया कि सेवा सेतु पर 942 सरकारी सेवाएं घर बैठे एक क्लिक पर उपलब्ध हैं। वहीं, छत्तीसगढ़ लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत 740 से अधिक सरकारी सेवाओं का कानूनी अधिकार दिया गया है। सुशासन तिहार में 50 लाख आवेदन निराकृत किए गए हैं।

इसके अलावा नवा रायपुर में देश का पहला एआई डेटा सेंटर पार्क आकार ले रहा है। यहां दूसरे सेमीकंडक्टर यूनिट का निर्माण भी किया जा रहा है। वहीं, 187 सेवाएं वन क्लिक सिंगल विंडो सिस्टम पर उपलब्ध होने की जानकारी भी प्रदर्शनी के माध्यम से दी जा रही है।

समृद्ध संस्कृति और पर्यटन का गढ़ है छत्तीसगढ़

प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, ऐतिहासिक विरासत और पर्यटन स्थलों को भी विशेष स्थान दिया गया है। इसमें 600 साल पुराना और 75 दिनों तक चलने वाला विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा, 52 शक्तिपीठों में शामिल दंतेवाड़ा का मां दंतेश्वरी मंदिर और धान की 23 हजार से अधिक किस्मों के लिए प्रसिद्ध छत्तीसगढ़ की पहचान को दर्शाया गया है।

इसके साथ ही 300 मीटर चौड़े चित्रकोट जलप्रपात को भारत का नियाग्रा बताते हुए प्रदेश के प्राकृतिक सौंदर्य को प्रदर्शित किया गया है। वहीं, 44 प्रतिशत वनक्षेत्र के साथ छत्तीसगढ़ की हरियाली और प्राकृतिक संपदा की जानकारी भी लोगों को दी जा रही है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button