राजनांदगांव में सुबह-सुबह EOW-ACB की रेड: सनसिटी कॉलोनी से लालबाग तक पहुंचीं टीमें, शराब घोटाले से जुड़ा मामला

राजनांदगांव, 30 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में शुक्रवार को आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) और एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीमों ने बड़ी कार्रवाई की। जांच एजेंसियों ने शहर के दो अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हलचल मच गई है।
दो ठिकानों पर पहुंचीं जांच टीमें
मिली जानकारी के अनुसार, जांच एजेंसियों की टीमें सनसिटी कॉलोनी स्थित गोलछा निवास और लालबाग स्थित बग्गा निवास पहुंचीं। कार्रवाई के लिए EOW और ACB की दो अलग-अलग टीमें तैनात की गई थीं। दोनों टीमों में करीब 10 अधिकारी शामिल बताए जा रहे हैं, जो अलग-अलग वाहनों से मौके पर पहुंचे।
कथित शराब घोटाले से जुड़ा मामला
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई कथित शराब घोटाले से जुड़े वित्तीय अनियमितताओं के मामले में की जा रही है। फिलहाल दोनों ठिकानों पर जांच एजेंसियों की कार्रवाई जारी है।
छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने किन दस्तावेजों या अन्य साक्ष्यों की जांच की और कार्रवाई में क्या कुछ सामने आया, इस संबंध में अभी तक आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



