National

Mumbai Pune Expressway पर 11 गाड़ियों की महाटक्कर, भिड़ंत में कई कारें हो गईं चकनाचूर

मुंबई: महाराष्ट्र में एक बड़ी दुर्घटना हुई है। यहां मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर एक भीषण हादसे में कई कारों के परखच्चे उड़ गए। एक्सप्रेसवे पर एक के बाद एक ग्यारह गाड़ियां आपस में टकरा गईं। इस भयंकर हादसे में कई लोग घायल हुए हैं। मौके पर फौरन एम्बुलेंस भेजी गई। कई घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ जख्मी लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है।

खोपोली के पास गाड़ियों की टक्कर
मुंबई और पुणे को जोड़ने वाले एक्सप्रेसवे पर खोपोली के पास यह हादसा हुआ है। बताया जा रहा है कि एक्सप्रेसवे पर चल रही एक कार ने अचानक ब्रेक मारा और उसके बाद पीछे चल रही 11 गाड़ियां एक-दूसरे से टकरा गई। इस भीषण टक्कर में चार महिलाएं गंभीर रूप से घायल हुई हैं। वहीं हादसे के बाद पुणे से मुंबई की ओर आने वाला ट्रैफिक भी ब्लॉक हुआ है। जिन लोगों को छिटपुट चोटें आई हैं, उनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। मौके पर रेस्क्यू के लिए पुलिस और प्रशासनिक अफसरों की टीम पहुंची हुई है।

एक-दूसरे पर चढ़ीं कारें, कई चकनाचूर
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर इस हादसे के बाद हड़कंप मच गया। एक साथ इतनी गाड़ियों की टक्कर के बाद अफरा-तफरी मच गई। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि कई गाड़ियां एक-दूसरे के ऊपर चढ़ गईं। वहीं मौके पर रेस्क्यू टीम ने पहुंचकर गाड़ियों में फंसे कई लोगों को बाहर निकाला। मेडिकल टीम भी मौके पर पहुंची। इस हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर जाम लग गया। इसकी वजह से पुणे से मुंबई की तरफ आ रहे ट्रैफिक को भी डायवर्ट किया गया। मौके पर आला प्रशासनिक अधिकारी डटे हुए हैं। घटना के बाद पुणे से मुंबई आ रहे तमाम लोग एक्सप्रेसवे पर फंस गए।

घायलों का नजदीकी अस्पताल में इलाज जारी
इस टक्कर में चार से पांच कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई हैं। हादसे का जो वीडियो सामने आया है, उसमें गाड़ियों की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह टक्कर कितनी भयावह और भीषण थी। घायलों का नजदीकी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button