छत्तीसगढ़
Trending

छत्तीसगढ़ में वन्यजीव त्रासदी: मालगाड़ी की टक्कर से हथिनी की मौत, शव के पास पहरा देता रहा झुंड

रायगढ़, 16 जून 2026। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में इंसान और वन्यजीव संघर्ष की एक दर्दनाक तस्वीर सामने आई है। घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के चारमार गांव में कोयला परिवहन रेल लाइन पर मालगाड़ी की चपेट में आने से एक जंगली मादा हाथी की मौत हो गई। हादसे के बाद साथी हाथियों का झुंड लंबे समय तक घायल हथिनी के पास डटा रहा, जिससे रेस्क्यू और वन विभाग की टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

जानकारी के मुताबिक, करीब 45 वर्षीय मादा हथिनी रेल ट्रैक पार कर रही थी, तभी तेज रफ्तार मालगाड़ी ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हथिनी के पैर में गंभीर चोट आई और वह दर्द से तड़पने लगी। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन उपचार शुरू होने से पहले ही हथिनी ने दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद हथिनी की आवाज सुनकर उसका पूरा दल मौके पर पहुंच गया। साथी हाथियों ने घायल हथिनी को चारों ओर से घेर लिया और लंबे समय तक वहीं डटे रहे। हाथियों की मौजूदगी के कारण वन विभाग और रेस्क्यू टीम को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, हाथियों के दल के सुरक्षित रूप से जंगल की ओर लौटने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत हथिनी के शव को दफनाया जाएगा। घटना ने एक बार फिर रेल लाइनों से वन्यजीवों को होने वाले खतरे और सुरक्षा उपायों की जरूरत पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button