छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, अगले 5 दिन बारिश और तेज हवाओं के आसार; 12 जिलों में अलर्ट

रायपुर, 17 जून 2026। छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री से पहले मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में मंगलवार को कहीं अंधड़ के साथ बारिश हुई तो कहीं हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। हालांकि बारिश के बाद निकली तेज धूप ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी और देर रात तक उमस का असर बना रहा। इस बीच बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अगले पांच दिनों तक प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
प्रदेश में सक्रिय स्थानीय मौसम प्रणाली के प्रभाव से बस्तर में 5 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं करपावंड, जशपुरनगर, रामानुजनगर और दरभा में 2 से 3 सेंटीमीटर तक बारिश हुई। सक्ती, मनोरा और कोंडागांव में भी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
रायपुर में आज भी बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में बुधवार सुबह से बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने अंधड़ के साथ बारिश की संभावना जताई है। शहर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
12 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर और कोरिया जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली, तेज हवाओं और बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है।
दो दिन तक ऐसा ही रहेगा मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में अगले दो दिनों तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की आशंका भी जताई गई है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।



