वेदांता पावर प्लांट हादसा अपडेट: मौत का आंकड़ा बढ़कर 25 पहुंचा, इलाज के दौरान घायल मजदूर ने भी तोड़ा दम, पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल

रायपुर/सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण हादसे में मृतकों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। 14 अप्रैल को हुए इस दर्दनाक हादसे में अब तक 25 मजदूरों की मौत हो चुकी है। ताजा जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के घायल मजदूर विश्वजीत साहू ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जिसके बाद यह आंकड़ा 25 तक पहुंच गया है।
इलाज के दौरान हुई मौत
जानकारी के मुताबिक, गंभीर रूप से झुलसे विश्वजीत साहू का इलाज रायपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। उन्हें अंडर ऑब्जर्वेशन में रखा गया था, लेकिन अचानक कार्डियक अरेस्ट आने से उनकी मौत हो गई।
कैसे हुआ था हादसा
14 अप्रैल को वेदांता पावर प्लांट के बॉयलर फर्नेस में अत्यधिक ईंधन जमा हो जाने से दबाव असामान्य रूप से बढ़ गया था। इसी दबाव के कारण बॉयलर का निचला पाइप अपनी जगह से हट गया और जोरदार विस्फोट हो गया। हादसा इतना भीषण था कि कई मजदूर मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
FIR दर्ज, कई लोग नामजद
इस मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल, प्लांट हेड देवेंद्र पटेल समेत 19 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। सभी पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1), 289 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उच्च स्तरीय जांच जारी
हादसे की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर संभाग आयुक्त को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। जांच का उद्देश्य हादसे के वास्तविक कारणों की पहचान करना और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करना है।
प्रशासन ने आम लोगों, प्रत्यक्षदर्शियों और संबंधित पक्षों से 29 अप्रैल को आयुक्त कार्यालय में उपस्थित होकर साक्ष्य और जानकारी देने की अपील की है।
प्रशासन का बयान
संभाग आयुक्त ने कहा है कि जांच पूरी तरह पारदर्शी होगी और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।



