3.76 करोड़ की सड़क से जुड़ेगा वनांचल: विधायक भावना बोहरा ने किया भूमिपूजन, ग्रामीणों को मिलेगा आवागमन का लाभ

पंडरिया, 15 जून 2026। पंडरिया विधानसभा के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क सुविधा से जोड़ने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। विधायक भावना बोहरा ने ग्राम प्राणखैरा में बहुप्रतीक्षित धौराबन्द-बंशापुर से प्राणखैरा सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। यह सड़क 3 करोड़ 76 लाख 23 हजार रुपये की लागत से पुल-पुलियों सहित 2.312 किलोमीटर लंबाई में निर्मित होगी।

इस सड़क निर्माण से धौराबन्द, आमादाह, बंशापुर और प्राणखैरा समेत आसपास के सैकड़ों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही दामापुर क्षेत्र और आसपास के गांवों के लोगों को कवर्धा, बोड़ला और रायपुर आने-जाने के लिए कम दूरी तय करनी पड़ेगी, जिससे समय, श्रम और आर्थिक बचत होगी।
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों में उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विधायक भावना बोहरा के प्रति आभार व्यक्त किया।

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि यह सड़क लंबे समय से क्षेत्र की प्रमुख मांग रही है और इसके निर्माण से ग्रामीणों को बारहमासी सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि अच्छी सड़कें केवल गांवों को नहीं जोड़तीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापार के नए अवसर भी सृजित करती हैं।
उन्होंने बताया कि पंडरिया विधानसभा में दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों तक विकास पहुंचाने के लिए सड़क, पुल-पुलिया और आधारभूत संरचनाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। वर्तमान में विधानसभा क्षेत्र में 500 किलोमीटर से अधिक सड़क निर्माण कार्य प्रगति पर हैं, जिनमें कई कार्य पूर्ण हो चुके हैं तथा शेष निर्धारित समय में गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ पूरे किए जाएंगे।

विधायक बोहरा ने कहा कि पंडरिया विधानसभा के समग्र विकास के लिए सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सिंचाई, खेल और संस्कृति के क्षेत्र में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में ग्रामीण अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता दी जा रही है और लक्ष्य है कि क्षेत्र का कोई भी गांव विकास से वंचित न रहे।
इस अवसर पर बालमुकुंद चंद्रवंशी, राजेश्वरी धृतलहरे, सुशीला अश्वनी यदु, मनहरण साहू, विकास पांडे, महेंद्र धृतलहरे, दिनेश मिश्रा, परस सिंगरौल और सोनम कुलेश्वर चंद्राकर सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



