वनांचल क्षेत्र को मिली विकास की बड़ी सौगात : विधायक भावना बोहरा ने ₹2.69 करोड़ की सड़क परियोजना का किया भूमिपूजन

पंडरिया, 05 जून 2026
पंडरिया विधानसभा के वनांचल एवं दूरस्थ क्षेत्रों में विकास कार्यों को नई गति देते हुए विधायक भावना बोहरा ने ग्राम महीडबरा से बांटी पथरा तक बनने वाली 2.50 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण परियोजना का भूमिपूजन किया। लगभग ₹2 करोड़ 69 लाख की लागत से बनने वाली इस बहुप्रतीक्षित सड़क से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि भाजपा सरकार का संकल्प प्रदेश के प्रत्येक गांव तक सुरक्षित, सुदृढ़ और सर्व मौसम सड़क संपर्क उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सड़कें केवल आवागमन का माध्यम नहीं बल्कि ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक प्रगति की मजबूत आधारशिला होती हैं। बारहमासी सड़क संपर्क से ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों के लोगों को बाजार, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, पोषण और अन्य आवश्यक सुविधाओं तक पहुंच आसान होगी।

उन्होंने बताया कि महीडबरा से बांटी पथरा तक बनने वाली इस सड़क से ग्राम महीडबरा, बांटी पथरा, दमगढ़, ताईतिरनी, अमलीटोला, घोघरा, नेउर कुशियारी, उतका और तिलियापानी सहित आसपास के क्षेत्रों के निवासियों को सीधा लाभ मिलेगा। लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा इस सड़क की मांग की जा रही थी, जिसे अब पूरा किया जा रहा है।
विधायक बोहरा ने कहा कि पंडरिया विधानसभा में वर्तमान में लगभग 500 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य संचालित हैं, जो क्षेत्र की तस्वीर बदलने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में वनांचल क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। सड़क निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार कर दूरस्थ क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है।
उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर वनांचल एवं आदिवासी क्षेत्रों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान सरकार इन क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। वनांचल क्षेत्रों में 100 किलोमीटर से अधिक सड़क निर्माण, 3500 से अधिक प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण तथा पेयजल एवं विद्युत सुविधाओं का विस्तार इसका प्रमाण है।
कार्यक्रम में कुकदुर मंडल अध्यक्ष बसंत वाटिया, पूर्व मंडल अध्यक्ष रतिराम भट्ट, पार्वती सुनहले, बिंदा पनागर, राम गोपाल वट्टी, मोहित मरावी, पंडराम सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।



