पीएम मोदी की रैली में भावुक हुए केंद्रीय मंत्री बंदी संजय : बेटे पर लगे POCSO केस को बताया राजनीतिक साजिश, विपक्ष पर साधा निशाना

नई दिल्ली, 11 मई 2026/ पीएम नरेंद्र मोदी की जनसभा के दौरान केंद्रीय मंत्री बंदी संजय कुमार भावुक हो गए। उन्होंने अपने बेटे पर लगे POCSO मामले को राजनीतिक साजिश बताते हुए कहा कि वह किसी भी परिस्थिति में पीछे हटने वाले नहीं हैं।
बंदी संजय कुमार ने कहा कि वे “चूहा नहीं हैं, जो फार्महाउस में छिपकर बैठ जाएं।” उन्होंने स्पष्ट किया कि वे ऐसा कोई कार्य नहीं करेंगे जिससे उनकी पार्टी की गरिमा प्रभावित हो। उन्होंने खुद को RSS और ABVP से जुड़े एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में पेश करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा संगठन के प्रति पूर्ण निष्ठा से कार्य किया है।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि जो राजनीतिक रूप से उनका सामना नहीं कर सकते, वही उनके और भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ साजिश कर रहे हैं।
यह पूरा मामला उनके बेटे बंदी भगीरथ से जुड़ा है, जिन पर हैदराबाद में POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। 17 वर्षीय लड़की के परिवार ने आरोप लगाया है कि शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया गया। वहीं, बंदी भगीरथ ने खुद को हनीट्रैप का शिकार बताते हुए लड़की के परिवार पर 5 करोड़ रुपये की वसूली का आरोप लगाया है।
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



